यूटिलिटी

Jeevan Pramaan 2026: मोबाइल से ऑनलाइन जमा करें जीवन प्रमाण पत्र, जानिए पूरा प्रॉसेस

Jeevan Pramaan 2026: अगर आप पेंशन पाने वाले सीनियर सिटीजन हैं तो आपको जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए सरकारी कार्यालय या बैंक जाने की जरूरत नहीं है। यह काम घर बैठे कर सकते हैं।

Image

मोबाइल से घर बैठे ऐसे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र (Photo: iStock)

Jeevan Pramaan 2026: पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना जरूरी होता है। इसके जरिए पेंशन विभाग को यह पुष्टि होती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और उसे नियमित रूप से पेंशन जारी रखी जा सकती है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए हर बार बैंक या सरकारी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार की जीवन प्रमाण सुविधा के जरिए पेंशनर्स डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) बनवा सकते हैं।

क्या है Jeevan Pramaan?

जीवर प्रमाण आधार आधारित डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सेवा है। इसमें पेंशनर्स की पहचान बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए वेरिफाइ की जाती है। सफल वेरिफिकेशन के बाद डिजिटल सर्टिफिकेट जनरेट होता है, जिसे संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी ऑनलाइन देख सकती है। इससे खासकर बुजुर्गों और ऐसे लोगों को सुविधा मिलती है, जिन्हें बैंक तक पहुंचने में परेशानी होती है।

कब जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट?

साल 2026 में 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स 1 अक्टूबर से अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। वहीं, अन्य पात्र पेंशनर्स के लिए सामान्य अवधि नवंबर में होती है। उन्हें 30 नवंबर तक अपना प्रमाण पत्र जमा करना चाहिए। हालांकि, पेंशनर्स को अपनी संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी के नियमों की भी जांच करनी चाहिए।

Jeevan Pramaan कैसे बनाएं?

पेंशनर्स UMANG ऐप की मदद से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं। प्रक्रिया शुरू करने से पहले आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर, पेंशन अकाउंट की जानकारी और पेंशन मंजूर करने वाले व भुगतान करने वाले विभाग की जानकारी अपने पास रखें-

  • अपने स्मार्टफोन में UMANG ऐप डाउनलोड करके खोलें।
  • ऐप में Jeevan Pramaan सर्च करें और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की सर्विस चुनें।
  • फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनें। अगर ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा जाए, तो AadhaarFaceRD ऐप भी इंस्टॉल करें।
  • आधार नंबर और पेंशन से जुड़ी जरूरी जानकारी भरें।
  • स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को फॉलो करके फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
  • जानकारी सबमिट करें और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया पूरी करें।

सफलतापूर्वक सत्यापन होने के बाद आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बन जाएगा। इसके साथ एक यूनिक Pramaan ID भी मिलेगी। इसे संभालकर रखें, क्योंकि आगे सर्टिफिकेट डाउनलोड करने या उसका स्टेटस चेक करने में इसकी जरूरत पड़ेगी।

लाइफ सर्टिफिकेट स्वीकार हुआ या नहीं?

डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बन जाने का मतलब यह नहीं है कि पेंशन देने वाले विभाग ने उसे स्वीकार भी कर लिया है। इसलिए पेंशनर्स को यह जरूर चेक करना चाहिए कि उनका सर्टिफिकेट संबंधित विभाग तक पहुंचा है या नहीं और उसे स्वीकार किया गया है या नहीं-

इसके लिए आधिकारिक Jeevan Pramaan पोर्टल पर जाएं। वहां Pramaan ID की मदद से अपने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट को डाउनलोड करने और उसका स्टेटस जानने की सुविधा का इस्तेमाल करें।

अगर सर्टिफिकेट का स्टेटस स्पष्ट नहीं है या उसे रिजेक्ट कर दिया गया है, तो अपने पेंशन देने वाले बैंक या संबंधित विभाग से संपर्क करें। उनसे रिजेक्शन का कारण पूछें और जरूरी सुधार करवाएं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article