Aadhaar App Email Update: अगर आप भी आधार कार्ड धारक हैं तो यह जानकारी आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। UIDAI की ओर से आधार कार्ड धारकों को अब आधार मोबाइल ऐप (Aadhaar App) के जरिए ही ईमेल एड्रेस अपडेट करने की सुविधा दी जा रही है। अगर आपका ईमेल भी आधार से नहीं जुड़ा है तो आपको लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे कुछ ही स्टेप्स में इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। इस आर्टिकल में आपको आधार से ईमेल लिंक करने का स्टेप-बाय-स्टेप पूरा प्रॉसेस बता रहे हैं-
आधार ऐप पर प्रोफाइल करें सेटअप
- अगर आपके फोन पर नया आधार ऐप नहीं है तो सबसे पहले इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा।
- ऐप ओपन करने के बाद आपको अपना 12 डिजिट आधार नंबर एंटर करना होगा।
- अब रजिस्टर्ड नंबर पर आए OTP को एंटर करना होगा।
- इसके बाद आपको अपना फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
- इसके बाद आपको अपना 6 डिजिट का पिन सेटअप करना होगा।
- ऐप में प्रोफाइल सेटअप के बाद पिन या फिंगरप्रिंट की मदद से ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं।
आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट या ऐड करने के लिए दो स्टेप्स को पूरा करना होगा। इसके लिए ईमेल को ओटीपी के जरिए वेरिफाई करवाना होगा। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन के साथ प्रक्रिया पूरी होगी।
आधार से ऐसे लिंक करें ईमेल
- सबसे पहले फोन में मौजूद आधार ऐप को ओपन करें
- प्रोफाइल सेट-अप के बाद होम स्क्रीन पर ही Services टैब पर क्लिक करें।
- अब E-mail Add/Update पर क्लिक करें।
- इसके बाद एंटर न्यू-ईमेल के नीचे खाली बॉक्स में ईमेल एंटर करना होगा।
- ईमेल एंटर करने के बाद Send OTP पर क्लिक करना होगा।
- अब मेल पर मिले ओटीपी को एंटर करना होगा।
- ओटीपी वेरिफाइ होने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन पर टैप करना होगा।
- फोन का कैमरा ओपन कर फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
- इसके बाद सबमिट रिक्वेस्ट पर टैप करना होगा।
रिक्वेस्ट सबमिट होते ही आपको अपने फोन की स्क्रीन पर एक्नॉलेजमेंट डिटेल्स दिख जाएंगी। जिसमें, डेट-टाइम, इनवॉइस आईडी और Service Request Number की जानकारी दी गई होगी। आप इस एक्नॉलेजमेंट स्लिप को डाउनलोड कर सकते हैं।
ईमेल-एड्रेस ऐड करने की रिक्वेस्ट ड्राफ्ट, पेमेंट, वेरिफिकेशन, वैलिडेशन के बाद ही पूरी होगी। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद वैलिडिशन में समय लग सकता है, जिसके लिए आप समय-समय पर इस रिक्वेस्ट को ट्रैक कर सकते हैं।
ध्यान रहे, फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए जरूरी है कि आपके बायोमेट्रिक लॉक्ड न हो। अगर यह सेटिंग लॉक्ड है तो पहले इसे ऐप से ही अनलॉक करना होगा।
31 दिसंबर तक फ्री रहेगी सर्विस
आधार कार्ड से ईमेल ऐड करने में 15 दिन का प्रॉसेसिंग टाइम लगता है। फिलहाल इस सर्विस के लिए किसी तरह की कोई प्रॉसेसिंग फीस देने की जरूरत नहीं है लेकिन यह सर्विस 31 दिसंबर तक ही फ्री रहेगी। इसके बाद यूआईडीएआई की ओर से सर्विस के लिए फीस ली जाएगी।
