यूटिलिटी

Fraud Alert: भूलकर भी *401# नंबर डायल कर न करें किसी को कॉल, हो जाएंगे धोखाधड़ी का शिकार

Fraud Alert: टेलीकॉम विभाग ने यूजर्स को गलत इरादे से किये जाने वाले फोन कॉल को लेकर आगाह किया है। जालसाज ‘स्टार 401 हैसटैग’ डायल करने के बाद किसी अज्ञात नंबर पर फोन करने को कहते हैं। ऐसे में आप किसी धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं और आपको वित्तीय नुकसान हो सकता है।

Image

Cyber Fraud

Photo : iStock

Fraud Alert: डिजिटल मीडिया का इस्तेमाल जितना हम अपनी डेली लाइफ में आज के दौर में करते हैं। उतना ही हमें सतर्क रहने की भी जरूरत है। क्योंकि साइबर अपराधी लोगों को तरह-तरह से अपनी जाल में फंसाकर उन्हें ठगने की कोशिश में जुटे रहते हैं। इसके लिए वो लोगों को तरह-तरह के लुभावने ऑफर की पेशकश करते हैं। बीते दिन टेलीकॉम विभाग ने यूजर्स को गलत इरादे से किये जाने वाले फोन कॉल को लेकर आगाह किया। यूजर्स को ऐसे से कॉल से सतर्क रहने को कहा गया है, जिसमें ‘स्टार 401 हैसटैग’ (*401#) डायल करने के बाद किसी अज्ञात नंबर पर फोन करने को कहा जाता है।

फॉरवार्ड हो जाती है कॉल

इससे जालसाजों को सभी संबंधित उपयोगकर्ता के ‘इनकमिंग कॉल’ प्राप्त करने की अनुमति मिल जाती है और इसका उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है। यदि कोई यूजर ‘स्टार 401 हैसटैग’ डायल करने के बाद अगर किसी अज्ञात नंबर पर कॉल करता है तो इससे उसके मोबाइल पर जो भी फोन आएंगे, वह कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति के फोन पर ‘फॉरवार्ड’ हो जाता है।

इनकमिंग कॉल से सावधान

टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने नागरिकों को गलत इरादे से किये जाने वाले ऐसे इनकमिंग कॉल से सावधान रहने की सलाह दी है, जिसमें उन्हें ‘स्टार 401 हैसटैग’ डायल करने और उसके बाद किसी अज्ञात मोबाइल नंबर को डायल करने के लिए कहा जाता है। बयान के अनुसार, यह नागरिकों के मोबाइल पर आने कॉल को अज्ञात मोबाइल नंबर पर बिना शर्त कॉल फॉरवर्डिंग को चालू करता है। इससे जालसाजों को सभी इनकमिंग कॉल प्राप्त करने की अनुमति मिलती है और इसका उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।

ऐसे जाल में फंसाते हैं जालसाज

टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने गड़बड़ी के तौर-तरीकों के बारे में बताते हुए कहा कि एक जालसाज एक दूरसंचार ग्राहक को कॉल करेगा और उनके दूरसंचार सेवा प्रदाता से ग्राहक सेवा प्रतिनिधि या तकनीकी सहायता कर्मचारी बताएगा। इसके बाद गड़बड़ी करने वाला कहता है कि या तो उनके सिम कार्ड में कोई समस्या है या नेटवर्क या सर्विस क्वालिटी से संबंधित कुछ दिक्कत है। फिर, ग्राहक को समस्या को ठीक करने के लिए एक स्पेशल कोड डायल करने के लिए कहा जाता है। कोड आमतौर पर ‘स्टार 401 हैसटैग’ से शुरू होता है और उसके बाद एक मोबाइल नंबर आता है।

सेटिंग्स की करें जांच

एक बार ऐसा हो जाने पर, संबंधित मोबाइल नंबर पर बिना शर्त कॉल ‘फॉरवर्डिंग’ चालू हो जाती है। दूरसंचार विभाग ने कहा कि टेलीकम्युनिकेशन प्रोवाइडर कभी भी अपने ग्राहकों को ‘स्टार 401 हैसटैग’ डायल करने के लिए नहीं कहते हैं। नागरिकों को सलाह दी है कि वे कॉल फॉरवार्डिंग के लिए अपने मोबाइल फोन की सेटिंग्स की जांच करें और यदि ‘स्टार 401 हैसटैग’ डायल करके कॉल ‘फॉरवार्डिंग’ की सुविधा दी गयी है तो उसे तुरंत बंद करें।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article