कहीं छूट न जाए नामांकन! देखिये योगी सरकार के मंत्री ने कलेक्‍ट्रेट ऑफ‍िस तक कैसे लगाई दौड़ [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 5, 2022, 11:46 AM IST

यूपी के खेल मंत्री अपना नामांकन-पत्र दाखिल करने दौड़ते हुए पहुंचे, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वह बलिया में नामांकन के लिए पहुंचे हुए थे, जहां 3 मार्च को छठे चरण के तहत मतदान होना है।

कहीं छूट न जाए नामांकन! देखिये योगी सरकार के मंत्री ने कलेक्‍ट्रेट ऑफ‍िस तक कैसे लगाई दौड़ [Video]
Photo Credit: ANI

बलिया : उत्तर प्रदेश के चुनावी समर में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर जारी है तो अलग-अलग चरण के लिए नामांकन-पत्र दाखिल करने का सिलसिला भी जारी है। इसी दौरान यूपी के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नामांकन के लिए जाते समय दौड़ लगाते नजर आए। 

उपेंद्र तिवारी को बीजेपी ने बलिया में फेफना से उम्‍मीदवार बनाया है, जहां 3 मार्च को छठे चरण के तहत मतदान होना है। वह मौजूदा सरकार में फेफना से विधायक हैं और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अगुवाली वाली सरकार में खेल मंत्री भी हैं। ऐसे में नामांकन के लिए जब वह दौड़ लगाते नजर आए तो लोगों को थोड़ी हैरानी भी हुई।

...और मंत्री जी ने लगा दी दौड!

दरअसल, उन्हें शुक्रवार को कलेक्‍ट्रेट ऑफिस में नामांकन कराना था, जिसके लिए अपराह्न 3 बजे का समय निर्धार‍ित किया गया था, लेकिन लोगों से मिलते-जुलते वह तनिक देर हो गए। बस फिर क्‍या था कलेक्‍ट्रेट ऑफ‍िस समय से पहुंचने के लिए पहले तो वह तेज कदम से चलते रहे, लेकिन फिर उन्‍होंने दौड़ लगा दी।

कलेक्‍ट्रेट ऑफ‍िस के लिए दौड़ लगाते उनका वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट दे रहे हैं। एक शख्‍स ने हंसी की इमोजी बनाते हुए लिखा, 'खेल मंत्री हैं तो इनका थोड़ा-बहुत दौड़ना-भागना बनता है।' ऐसे और भी कमेंट्स सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं।

11 फरवरी तक होगा नामांकन

यहां गौर हो कि छठे चरण के तहत पूर्वी यूपी के जिन इलाकों में मतदान होना है, वहां नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 4 फरवरी से ही शुरू हुई है, जब पहले ही दिन उपेंद्र तिवारी भी अपना नामांकन करने पहुंचे। नामांकन की यह प्रक्रिया यहां 11 फरवरी तक चलेगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!