'मेरा फोन ठीक मत करना, पत्‍नी जान ले लेगी', शख्‍स ने टेक्‍नीशियन को खास अंदाज में दी रिश्‍वत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 14, 2021, 11:33 AM IST

एक शख्‍स ने अपने टूटे फोन को ठीक करने के लिए स्‍टोर पर तो दिया, पर उसमें रिश्‍वत और एक नोट भी छिपाई, जिस पर लिखा था कि इसे ठीक मत करना। जानिये क्‍या है मामला।

'मेरा फोन ठीक मत करना, पत्‍नी जान ले लेगी', शख्‍स ने टेक्‍नीशियन को खास अंदाज में दी रिश्‍वत

नई दिल्‍ली : जब किसी को फोन खराब हो जाता है तो वह आम तौर पर इसे ठीक कराने के लिए किसी मोबाइल टेक्‍नोलॉजी स्‍टोर पर देता है। लेकिन कोई फोन ठीक करने के लिए स्‍टोर पर देकर भी टेक्‍नीशियन से गुहार लगा बैठे कि इसे ठीक मत करना तो हैरानी होती है। एक टेक्‍नोलॉजी रिपेयर शॉप पर मौजूद टेक्‍नीशियन भी उस वक्‍त हैरान रह गया, जब उसने ठीक करने के लिए आए एक फोन के पैक को खोला।

TikTok पर पोस्ट एक वीडियो में फोन की टूटी स्क्रीन नजर आ रही है। टेक्‍नीशियन जैसे ही फोन को ठीक करने के लिए खोलता है, वह अंदर एक नोट और 200 डॉलर रकम देखकर हैरान हो जाता है। उस नोट में लिखा है, 'प्‍लीज इस फोन को ठीक मत करना, वरना मेरी पत्‍नी मुझे जीने नहीं देगी। ये $ 200 आपके लिए हैं, इसे रख लो। थैंक्‍स।' यह अजीब सा नोट पाकर टेक्‍नीशियन भी हैरान रह गया।

इंटरनेट यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्‍शन

टेक्‍नीशियन को सारा माजरा समझते देर न लगी। उसने हंसी वाली एक इमोजी के साथ पोस्‍ट किया, 'मुझे पसंद है जब ग्राहक अपनी गर्लफ्रेंड को धोखा देते हैं।' यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसे अब तक 1.23 करोड़ से अधिक व्‍यूज मिल चुके हैं, जबकि 16 लाख से अधिक लाइक और लगभग 10,000 टिप्पणियां मिल चुकी हैं। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं और टेक्‍नीशियन को सलाह भी दे रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, 'पैसे रख लो, लेकिन यह देखने के लिए इसे ठीक करो कि आखिर वह शख्‍स इतना घबराया हुआ क्‍यों है?' वहीं, एक अन्‍य यूजर ने लिखा, 'पैसे रख लो और इसे ठीक कर दो, फिर उस श्‍ख्‍स की पत्‍नी को दिखाकर और नोट कमाओ।' एक अन्‍य यूजर ने लिखा, 'ना-ना, इस फोन को ठीक कर दो। जो भी है, सामने आना चाहिए। एक यूजर ने लिखा, 'इसे ठीक कर सभी खराब डेटा मिटा दो और इसे वापस कर दो।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!