[Video] कोरोना मरीज ने अस्‍पताल में रचाई शादी, मंगेतर ने एक पल के लिए नहीं छोड़ा था साथ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 17, 2020, 06:22 PM IST

Pandemic nuptials: कोरोना वायरस लाखों जिंदगियां छीन चुका है, पर लोग इस घातक बीमारी का बहादुरी से मुकाबला कर रहे हैं। इस बीच बीमारी की चपेट में आए एक शख्‍स ने अस्‍पताल में ही शादी रचाई।

[Video] कोरोना मरीज ने अस्‍पताल में रचाई शादी, मंगेतर ने एक पल के लिए नहीं छोड़ा था साथ
Photo Credit: Facebook

नई दिल्‍ली : कोरोना वायरस संक्रमण दुनियाभर में तबाही मचाए हुए है, जिससे अब तक 7.73 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दुनियाभर में 2.18 करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं। इस घातक संक्रमण के कारण लोग लगातार अपने करीबियों को खो रहे हैं, तो कुछ बड़ी संख्‍या में लोग अब भी बहादुरी के साथ इस महामारी का मुकाबला कर रहे हैं। अमेरिका में टेक्‍सस के रहने वाले कार्लोस मुनिज की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जो कोरोना वायरस से संक्रम‍ित हैं और अस्‍पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।

टेक्सस के सैन एंटोनियो में रहने वाले कार्लोस अस्‍पताल के बिस्‍तर पर पड़े-पड़े बहादुरी के साथ जीवन का मुकाबला कर रहे हैं। हर कोई उनके जल्‍द से जल्‍द ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहा है। इस बीच उन्‍होंने अपनी मंगेतर ग्रेस से अस्‍पताल में ही शादी की, जिसके गवाह अस्‍पताल के स्‍टाफ और परिवार के करीबी बने।

कोरोना संक्रमित हो गए थे कार्लोस

दरअसल, कार्लोस और ग्रेस की शादी पहले से ही तय थी, जिसके लिए दोनों परिवारों में तैयारियां भी जोरशोर से जारी थीं। इसी बीच कार्लोस के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की रिपोर्ट सामने आई, जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। यहां दिनों-दिन उनकी हालतल और बिगड़ती चली गई और उन्‍हें आईसीयू में शिफ्ट कराना पड़ा।

इस बीच उनकी मंगेतर ग्रेस हमेशा उनके साथ रहीं। अस्‍पताल स्‍टाफ को भी मालूम था कि वे शादी करने वाले थे, लेकिन मौजूदा हालात के कारण ऐसा नहीं हो सका। ऐसे में उन्‍होंने अस्‍पताल में ही दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। दोनों की शादी के लिए पादरी को भी यहां बुलाया गया। इस शादी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें ग्रेस जहां दुल्‍हन के लिबास में नजर आ रही हैं, वहीं कार्लोस अस्‍पताल के बिस्‍तर पर नजर आ रहे हैं। इन सबसे उनकी पत्‍नी भावुक हो गईं। उन्‍होंने हर किसी का शुक्रिया अदा किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!