वुहान में हजारों लोगों ने की पूल पार्टी, बेफिक्री देख लगता है कि यहां से नहीं निकला कोरोना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2020, 12:15 PM IST

Wuhan Water Park : चीन के वुहान शहर से दुनिया भर में कोरोना वायरस का फैलाव हुआ लेकिन यहां के लोग अब इस महामारी से बेफिक्र नजर आ रहे हैं। यहां हजारों लोगों ने एक वाटर पार्क में मस्ती की है।

वुहान में हजारों लोगों ने की पूल पार्टी, बेफिक्री देख लगता है कि यहां से नहीं निकला कोरोना
Photo Credit: AP

बीजिंग : दुनिया भर में चीन के शहर वुहान की विशेष पहचान कोविड-19 के संक्रमण की वजह से हुई। बताया जाता है कि सबसे पहले चीन के इसी शहर से कोरोना वायरस बाहर निकलकर दुनिया को अपनी चपेट में लिया। अब यह शहर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, यहां के एक वाटर पार्क में हजारों लोग अपनी वीकेंड मनाने पहुंचे। इस वाटर पार्क में मस्ती करते लोगों की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जिसे देखकर यही लगता है कि यहां अब सब कुछ सामान्य हो गया है। लोग इस महामारी को लेकर अब कोई खतरा महसूस नहीं कर रहे। पार्क की तस्वीरें सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों पर लोगों ने मजेदार एवं तंज भरे कमेंट्स किए हैं। हैरान करने वाली बात है कि पार्क में सोशल डिस्टैंसिंग का कोई पालन नहीं किया गया। यहां तक कि लोगों ने मास्क भी नहीं पहने थे।

वाटर पार्क में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे
इस सप्ताहांत वुहान के लोकप्रिय माया बीच वाटर पार्क में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। यहां एक म्यूजिकल फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस दौरान लोग रंगबिरंगे स्वीमसूट में और गॉगल पहनकर मौज-मस्ती करते नजर आए। वाटर पार्क में कुछ लोग रबड़ की डोंगी में सवार थे तो कुछ ने खुद को सीने तक पानी में डूबोया और अठखेलियां कीं। 

वुहान में 76 दिनों तक था लॉकडाउन
बता दें कि कोरोना संकट के चलते वुहान में 76 दिनों का लॉकडाउन लागू रहा। इसके बाद इस शहर को दोबारा जून में खोला गया। चूंकि कोरोना वायरस के वुहान से फैलने की बात सामने आई इसलिए इस शहर में प्रतिबंधों को कड़ाई से लागू किया गया था। वुहान के स्थानीय मीडिया का कहना है कि पार्क में अभी उसकी क्षमता के आधे लोग आ रहे हैं। पार्क लोगों को लुभाने के लिए महिलाओं के टिकट पर 50 फीसदी की छूट दे रहा है। 

कोविड-19 को लेकर दुनिया के निशाने पर है चीन
कोविड-19 का पहला ज्ञात केस पिछले साल वुहान में मिला। इसके बाद 11 लाख लोगों की आबादी वाले इस शहर से कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया के बाकी हिस्सा में होने लगा। इस महामारी ने दुनिया भर में 2.18 करोड़ से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है और करीब 7.72 लाख लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों ने कोविड-19 महामारी के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि चीन ने इस बीमारी के बारे में दुनिया को समय रहते आगाह नहीं किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!