Women Only Island: अगर आप यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो फिनलैंड के बाल्टिक सागर में हेलसिंकी के पास एक छोटा सा द्वीप है है जो आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल हो सकता है। हम बात कर रहे हैं सुपरशी आइलैंड की लेकिन, ये कोई आम टूरिस्ट स्पॉट नहीं है, बल्कि सिर्फ महिलाओं के लिए बनाया गया एक खास रिट्रीट है। यहां का सीधा-सा नियम है नो मेन अलाउड। मतलब पूरा स्पेस सिर्फ महिलाओं के लिए, ताकि वे बिना किसी झिझक या दबाव के खुद पर फोकस कर सकें।
इस जगह को क्रिस्टिना रोथ ने शुरू किया था। उन्होंने टेक इंडस्ट्री जैसे पुरुष-प्रधान क्षेत्र में काम करते हुए महसूस किया कि महिलाओं को एक ऐसी सुरक्षित जगह चाहिए, जहां वे खुलकर बात कर सकें, अपने अनुभव शेयर कर सकें और एक-दूसरे से सीख सकें। बस इसी सोच से सुपरशी आइलैंड की शुरुआत हुई।
यहां आकर महिलाएं सुबह योग करती हैं, ठंडे और साफ समुद्र में तैराकी का मजा लेती हैं, हेल्दी लोकल खाना खाती हैं और सबसे जरूरी डिजिटल और मानसिक भागदौड़ से ब्रेक लेती हैं। एक समय में सिर्फ 8 महिलाएं ही यहां रुक सकती हैं, इसलिए माहौल बहुत पर्सनल और शांत रहता है। यहां कोई शोर-शराबा या भागदौड़ नहीं, सिर्फ सुकून और सेल्फ-केयर।
लेकिन ये जगह सिर्फ घूमने या रिलैक्स करने के लिए नहीं है। सुपरशी एक तरह से एक मूवमेंट है। यहां आने वाली महिलाएं अपने करियर, रिश्तों, सपनों और चुनौतियों पर खुलकर बात करती हैं। वे एक-दूसरे को मोटिवेट करती हैं और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम बनाती हैं।
आज के समय में जब मेंटल हेल्थ और सेल्फ-ग्रोथ बहुत अहम हो गए हैं, सुपरशी आइलैंड महिलाओं के लिए एक नई सोच को दर्शाता है। यहां से महिलाएं सिर्फ तरोताजा होकर नहीं लौटतीं, बल्कि ज्यादा आत्मविश्वास और नई ऊर्जा के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ती हैं। सीधी भाषा में कहें तो सुपरशी आइलैंड सिर्फ एक ट्रिप नहीं, बल्कि खुद को फिर से खोजने की एक खूबसूरत यात्रा है। ऐसे में अगर आप सोलो ट्रिप करने का प्लान कर रहे हैं तो ये यात्रा हर लिहाज से आपके लिए खास होने वाली है। ये ना केवल आपको खुदके करीब लाएगी बल्कि भीड़ से दूर दो पल शांति से बिताने में मदद करेगी। हालांकि, यहां जाने के लिए अच्छा खासा बजट और टाइम की जरूरत है।
