भारत में समुद्र किनारे घूमने की बात आते ही गोवा, केरल या अंडमान का नाम सबसे पहले याद आता है, लेकिन देश के ईस्ट कोस्ट पर एक ऐसा शहर भी है जिसे कई यात्री अभी भी कम तवज्जो देते हैं। बात हो रही है विशाखापट्टनम, यानी वाइजैग की। यह शहर उन जगहों में से है जहां समुद्र के साथ पहाड़ भी नजर आते हैं और एक ही यात्रा में आपको बीच, मंदिर, पहाड़ी नजारे, लंबी ड्राइव और समुद्री इतिहास देखने को मिल जाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - हिना खान संग दिलकश बर्फीली वादियों में घूमने पहुंची रुबिना दिलैक, शेयर की ट्रिप की शानदार फोटोज
ट्रैवल क्रिएटर Tanya Khanijow ने अपने वीडियो में विशाखापट्टनम को भारत के सबसे अंडररेटेड कोस्टल शहरों में से एक बताया है। उनके वीडियो में शहर की तटीय खूबसूरती से लेकर धार्मिक महत्व तक कई पहलू सामने आते हैं। आधिकारिक पर्यटन जानकारी के अनुसार भी वाइजैग समुद्र, पहाड़ियों और कई खूबसूरत बीचों से घिरा शहर है।
समुद्र के साथ पहाड़ों का खूबसूरत नजारा
विशाखापट्टनम की सबसे खास बात इसका भौगोलिक रूप है। यहां समुद्र के किनारे पहाड़ दिखाई देते हैं, जिसकी वजह से सामान्य बीच ट्रिप भी थोड़ी अलग महसूस होती है। याराडा बीच इसका अच्छा उदाहरण है, जहां एक तरफ पहाड़ और दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी का नजारा मिलता है।
अगर आपको गाड़ी से घूमना पसंद है तो यहां की तटीय सड़कें भी सफर को खास बना सकती हैं। रास्ते में समुद्र के दृश्य, पहाड़ और अलग-अलग बीच मिलते हैं। यानी कई बार मंजिल से ज्यादा मजा रास्ते में आने लगता है।
तान्या खनिजौ के वीडियो में विशाखापट्टनम की खूबसूरती को सिर्फ बीच तक सीमित नहीं रखा गया है। उनके मुताबिक यह ऐसा शहर है जहां एक तरफ समुद्र के किनारे आराम से समय बिताया जा सकता है, तो दूसरी तरफ धार्मिक और ऐतिहासिक जगहें भी देखी जा सकती हैं। उनका वीडियो 29 अप्रैल 2025 को प्रकाशित हुआ था और इसका फोकस इसी शहर की यात्रा पर है।
समुद्र किनारे खड़ी है असली पनडुब्बी
वाइजैग की यात्रा का एक अलग अनुभव है सबमरीन म्यूजियम। आरके बीच पर रखी गई INS Kurusura पनडुब्बी को संग्रहालय में बदला गया है। यह वही असली पनडुब्बी है जो भारतीय नौसेना में सेवा देने के बाद यहां स्थायी रूप से प्रदर्शित की गई। आधिकारिक जिला वेबसाइट के अनुसार यह एशिया में अपनी तरह की पहली परियोजनाओं में शामिल थी।
वाइजैको खास बनाने वाली बात शायद यही है कि यहां घूमने के लिए आपको अलग-अलग तरह की जगहों के बीच बहुत लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ती। आरके बीच, याराडा बीच, रुशिकोंडा बीच, कैलासगिरि, सिंहाचलम और सबमरीन म्यूजियम जैसी जगहें शहर के अलग-अलग रंग दिखाती हैं। इसलिए अगर अगली बार समुद्र किनारे छुट्टियां बिताने का प्लान बने और मन सिर्फ वही पुराने लोकप्रिय नाम चुनने का न हो, तो विशाखापट्टनम को अपनी सूची में शामिल किया जा सकता है।
