Uttarakhand Tourism: अगर आपने 10-15 साल पहले देहरादून की यात्रा की हुई होगी और आज दोबारा यहां घूमने आएंगे, तो शायद इसपर यकीन करना थोड़ा मुश्किल होगा कि ये वही शहर है जो कभी पहले हुआ करता था। ठंडी हवा, घने जंगलों, चौड़ी छांव वाली सड़कों और सुकून भरे माहौल के लिए पर्यटकों को आकर्षित करने वाला देहरादून अब तेजी से बदल रहा है। हर तरफ आपको नई इमारतें, अपार्टमेंट, कैफे, मॉल, ट्रैफिक और लगातार चल रहे निर्माण कार्य दिखाई देंगे जो आपको हर पल ये एहसास दिलाएंगे कि ये पहले वाला देहरादून नहीं है।
विकास जरूरी है, लेकिन अगर वही विकास शहर की आत्मा को कमजोर कर दे, तो हमें रुककर सोचने की जरूरत है। देहरादून आज भी खूबसूरत है लेकिन अब उसकी खूबसूरती के साथ एक चिंता भी जुड़ गई है। शहर का विस्तार तो हो रहा है, मगर क्या यह विकास प्रकृति की कीमत पर हो रहा है? क्या उत्तराखंड की राजधानी धीरे-धीरे अपना वही आकर्षण खो रही है, जिसके लिए लोग यहां बसने और घूमने आते थे? यही सवाल आज सबसे ज्यादा चर्चा में है।
देहरादून में तेजी से बढ़ रहा है कंक्रीट का जंगल
देहरादून का रियल एस्टेट सेक्टर पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। जहां कभी खेत, बगीचे और खाली जमीन दिखाई देती थी, वहां अब सीमेंट और कंक्रीट का विस्तार नजर आता है। शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है इसी वजह से यहां नए अपार्टमेंट, गेटेड सोसायटी, होटल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तेजी से बन रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तराखंड के दूसरे जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से भी बड़ी संख्या में लोग यहां बस रहे हैं। यही वजह है कि देहरादून में जमीन की मांग बढ़ी है और निर्माण कार्यों में तेजी आई है। हमको ये समझना होगा कि विकास जरूरी है, लेकिन अगर वह बिना योजना के हो, तो उसका असर शहर की मूल पहचान पर पड़ता है।
विकास और भीड़ के बीच बदल रही है देहरादून की पहचान (फोटो: Canva)
देहरादून की हवा अब उतनी साफ नहीं रही
एक समय था जब लोग स्वच्छ हवा में सुकून की चाहत लिए देहरादून घूमने जाते थे क्योंकि इस शहर की सबसे बड़ी पहचान उसकी स्वच्छ हवा ही थी। लेकिन अब वाहनों की बढ़ती संख्या और लगातार चल रहे निर्माण कार्य की वजह से देहरादून प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। कई दिनों में यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मध्यम से खराब श्रेणी तक पहुंच जाता है। पहाड़ों के बीच बसे शहर के लिए यह बेहद चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जैसी ताजगी अब महसूस नहीं होती। सुबह की हवा अब भी राहत देती है, लेकिन शहर का बदलता माहौल साफ दिखाई देता है।
वीकेंड डेस्टिनेशन बनने की कीमत भी चुका रहा है देहरादून
दिल्ली NCR से कम दूरी की वजह से देहरादून वीकेंड ट्रैवलर्स की पहली पसंद बनता जा रहा है। हर शनिवार और रविवार शहर में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। भले ही होटल, कैफे और स्थानीय कारोबार को इसका फायदा मिलता हो लेकिन, दूसरी तरफ ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या और कचरे का दबाव भी बढ़ता है। इस बात की काफी ज्यादा संभावना है कि अगर आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ी तो शहर के बुनियादी ढांचे पर इसका दबाव पड़ सकता है।
वीकेंड डेस्टिनेशन बनने की कीमत भी चुका रहा है देहरादून (फोटो: Canva)
देहरादून-मसूरी रोड भी बदल चुकी है
सड़क के दोनों ओर घने पेड़ और पहाड़ों का नजारा एक समय ऐसा था जब देहरादून से मसूरी तक की यात्रा अपने आप में एक खूबसूरत अनुभव मानी जाती थी। आज भी यह रास्ता सुंदर है, लेकिन कई जगहों पर तेजी से हो रहे निर्माण ने इसकी तस्वीर बदल कर रख दी है। नई इमारतें, होटल और पहाड़ियों की कटाई साफ आपका मजा किरकिरा कर सकती है। रास्ते में सुकून की जगह अब ज्यादा शोर ही सुनाई देता है। कई स्थानों पर पहाड़ों पर बने बड़े-बड़े कटाव इस बात का संकेत हैं कि विकास का दबाव प्राकृतिक ढलानों पर भी पड़ रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
बदलनी होगी हमारी सोच
हरचन्द सिंह कॉलेज खुर्जा में इतिहास के प्रोफेसर अनिल सिंह ने बातचीत के दौरान बताया, 'हम चाहते हैं कि देहरादून हमेशा पहले जैसा शांत और सुकून देने वाला हिल स्टेशन ही बना रहे। लेकिन हकीकत यह है कि अब यह शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रियल एस्टेट का बड़ा केंद्र भी बन चुका है। इसलिए विकास को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है। जरूरत इस बात की है कि विकास टिकाऊ हो। नए निर्माण हों, लेकिन जंगल बचें। सड़कें बनें, लेकिन जल स्रोत और हरियाली सुरक्षित रहे। पर्यटन बढ़े, लेकिन शहर की क्षमता का भी ध्यान रखा जाए।'
खास है देहरादून (फोटो: Canva)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
प्रोफेसर अनिल सिंह ने आगे कहा, 'अगर अभी से सही योजना बनाई जाए और सख्ती से नियम लागू किए जाएं, तो देहरादून अपनी खूबसूरती काफी हद तक बचा सकता है। यह सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी है ऐसा कहना गलत होगा। स्थानीय लोगों, पर्यटकों और बिल्डरों सभी को मिलकर यह तय करना होगा कि आने वाली पीढ़ियों को कैसा देहरादून देना है।'
फिर भी क्यों खास है देहरादून?
ऐसा नहीं है कि इतने बदलावों के चलते आप देहरादून की यात्रा का प्लान ही कैसिंल कर दें। देहरादून की खूबसूरती पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। सुबह की ठंडी हवा, मानसून में हरियाली, पुराने औपनिवेशिक इलाके, फॉरेस्ट ट्रेल, शांत कॉलोनियां और शहर का मौसम आज भी आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। यानी देहरादून अब भी खास है, लेकिन उसका पुराना रूप धीरे-धीरे बदल रहा है।
