यात्रा

कोंकण के पश्चिमी तट में छिपी हैं घूमने की ये 7 शानदार जगहें, तारकर्ली से दापोली, देखें ये स्वर्ग से सुंदर नजारे

Places To Visit In Konkan: घुमक्कड़ लोगों के लिए कोंकण का पश्चिमी तट वाकई में भारत का छुपा हुआ खजाना है। अगर आप नेचर लवर हैं, या बस कुछ दिनों की शांति और सुकून की तलाश में हैं, तो तारकर्ली से लेकर दापोली तक की ये जगहें आपको जरूर पसंद आएंगी। एक बार यहां घूमिए, फिर बार-बार आने का मन करेगा। चलिए जानते हैं इनके बारे में....

Image

Best Places To Visit In Konkan

Places To Visit In Konkan: अगर आप भीड़भाड़ से दूर, शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं, तो कोंकण का पश्चिमी तट आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए। यहां की हरियाली, साफ नीला समुद्र और पुराने किले मिलकर ऐसा नज़ारा बनाते हैं जैसे आप किसी फिल्मी लोकेशन पर घूम रहे हों। तारकर्ली से लेकर दापोली तक, इस बेल्ट में कई ऐसी जगहें हैं जो अब भी लोगों की नजरों से छुपी हुई हैं। यहां की सादगी, लोकल खाना और शांत वातावरण हर टूरिस्ट को सुकून का एहसास कराता है। तो चलिए, जानें कोंकण के उन सात खास ठिकानों के बारे में, जो देखने में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगते।

ये हैं कोकण में घूमने की बेस्ट जगहें - Best Places To Visit In Konkan In Hindi

तारकर्ली

Tarkarli Image - Canva

Tarkarli Image - Canva

तारकर्ली कोंकण के सबसे साफ-सुथरे और शांत समुद्र तटों में से एक है। यहां का नीला पानी और सफेद रेत किसी विदेशी बीच की याद दिला देते हैं। अगर आपको पानी के खेल पसंद हैं, तो स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग का मजा यहां जरूर लें। करली नदी की बैकवॉटर में बोट राइड भी काफी सुकून देने वाली होती है। आसपास के होमस्टे में रुककर आप मालवणी खाने का स्वाद ले सकते हैं। ये जगह उन लोगों के लिए है जो भीड़ से दूर, शांति के साथ अपना वीकेंड बिताना चाहते हैं।

गणपति पुले

Ganpatipule Image - Canva

Ganpatipule Image - Canva

अगर आप धार्मिक जगहों के साथ प्राकृतिक सुंदरता भी देखना चाहते हैं, तो गणपति पुले जरूर जाएं। यहां समुद्र किनारे स्थित स्वायंभू गणपति मंदिर ना सिर्फ श्रद्धालुओं को खींचता है बल्कि यहां का वातावरण भी मन को शांति देता है। समुद्र तट एकदम साफ और शांत है, जहां आप घंटों टहल सकते हैं। पास में ही कोंकण म्यूज़ियम भी है, जहां आपको पारंपरिक जीवनशैली की झलक मिलती है। ये जगह फैमिली ट्रिप के लिए एकदम परफेक्ट है।

दापोली

Dapoli Image - Canva

Dapoli Image - Canva

दापोली एक ऐसा शहर है जहां आपको पहाड़ों की ठंडक और समुद्र का सुकून, दोनों एक साथ मिलते हैं। यहां मुरुड और लधघर जैसे बीच हैं जो बहुत कम भीड़भाड़ वाले हैं। यहां से नाव लेकर आप सुवर्णदुर्ग किले तक भी जा सकते हैं। दापोली के पास उंहवरे नाम की जगह है, जहां गर्म पानी के कुंड हैं। यहां की ठंडी हवा, हरियाली और लोकल खाना आपको बार-बार आने को मजबूर कर देगा।

हरनाई

Harnai Image -  Canva

Harnai Image - Canva

हरनाई, दापोली से थोड़ी ही दूरी पर है और ये जगह अपने मछली बाजार के लिए काफी मशहूर है। सुबह-सवेरे समुद्र किनारे मछलियों की नीलामी देखना एक अलग ही अनुभव होता है। अगर आप थोड़ी एडवेंचर चाहते हैं, तो यहां से डॉल्फिन देखने की बोट राइड भी ले सकते हैं। पास ही कनकदुर्ग और सुवर्णदुर्ग जैसे किले हैं, जो समुद्र की लहरों के बीच बहुत ही शानदार नजर आते हैं।

गुहागर

Guhagar Image - Canva

Guhagar Image - Canva

अगर आप ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां कोई शोर न हो, बस समुद्र की आवाज़ और ठंडी हवा हो, तो गुहागर आपके लिए सही है। यहां का समुद्र तट बहुत चौड़ा और साफ है, और उसके चारों तरफ सुरु के पेड़ हैं जो उसे और भी खूबसूरत बनाते हैं। यहां का व्यादेश्वर मंदिर भी दर्शनीय है। यह जगह उन लोगों के लिए है जो खुद से जुड़ना चाहते हैं, थोड़ा ठहरना चाहते हैं।

वेंगुर्ला

Vengurla Image - Canva

Vengurla Image - Canva

वेंगुर्ला गोवा से ज्यादा दूर नहीं है, लेकिन ये जगह अभी भी काफी शांत और कम पॉपुलर है। यहां का सागरशेवर समुद्र तट, चट्टानी किनारे और वेंगुर्ला रॉक्स का नज़ारा बेहद शानदार होता है। यहां का लाइटहाउस और पास का रेडी गणपति मंदिर, हरियाली के बीच बहुत सुंदर लगते हैं। वेंगुर्ला उन लोगों के लिए है जो कम बजट में गोवा जैसा सुकून पाना चाहते हैं, लेकिन भीड़ के बिना।

उंहवरे

Unhavre Image - Canva

Unhavre Image - Canva

दापोली के पास बसा उंहवरे गांव अपने गर्म पानी के स्रोतों के लिए जाना जाता है। यहां के झरनों का पानी प्राकृतिक रूप से गर्म होता है और लोगों का मानना है कि ये पानी कई बीमारियों से राहत दिलाता है। यहां का माहौल बहुत शांत है, और आस-पास के गांवों की सादगी आपको बहुत भाएगी। एक दिन यहां रुककर आप खुद को तरोताजा महसूस करेंगे।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article