यात्रा

साउथ इंडिया की सबसे खूबसूरत जगहें, सिर्फ 3 दिन में लीजिए घूम, खर्च भी कम

IRCTC Package: रामेश्वरम से कन्याकुमारी तक की यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। इस ट्रिप के नजारे आपको हैरान कर देंगे। 3 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है।

Image

साउथ इंडिया की सबसे खूबसूरत जगहें (फोटो: AI)

IRCTC Package: अगर आप दक्षिण भारत की धार्मिक और खूबसूरत जगहों को करीब से देखना चाहते हैं, तो यह टूर पैकेज आपके लिए ही है। भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'KANYAKUMARI-RAMESWARAM-MADURAI HOLIDAY PACKAGE' है। 3 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। इस यात्रा में आपको समुद्र, मंदिर, सूर्योदय-सूर्यास्त और इतिहास सब कुछ देखने को मिलेगा।

पहला दिन

सुबह करीब 9 बजे कन्याकुमारी रेलवे स्टेशन से आपको पिकअप किया जाएगा। इसके बाद घूमने की शुरुआत होगी। सबसे पहले आपको प्रसिद्ध कुमारी अम्मन मंदिर ले जाया जाएगा। यहां दर्शन करने के बाद आप उस जगह को देखेंगे जहां तीन समुद्र आपस में मिलते हैं। इसके अलावा विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और महात्मा गांधी मेमोरियल मंडपम भी देखने का मौका मिलेगा।

इन सभी जगहों के लिए ड्राइवर आपको मंदिर के पास उतार देगा, क्योंकि यहां ज्यादातर जगहें पैदल घूमने लायक दूरी पर हैं। आप आराम से अपने हिसाब से इन जगहों को देख सकते हैं और फिर खुद होटल वापस पहुंच सकते हैं।

शाम करीब 4:30 बजे होटल लॉबी में दोबारा मिलना होगा। इसके बाद आपको सनसेट पॉइंट ले जाया जाएगा, जहां डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। फिर वैक्स म्यूजियम भी घुमाया जाएगा। रात में होटल या मार्केट में शॉपिंग का मजा ले सकते हैं। कन्याकुमारी में रात का ठहराव रहेगा।

दूसरा दिन

सुबह जल्दी उठकर समुद्र किनारे खूबसूरत सूर्योदय देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे होटल से चेक-आउट कर रामेश्वरम के लिए रवाना होंगे। रास्ते में प्रसिद्ध तिरुचेंदूर मंदिर के दर्शन भी कराए जाएंगे। रामेश्वरम पहुंचकर होटल में चेक-इन होगा। शाम का समय आप अपने हिसाब से घूमने या आराम करने में बिता सकते हैं। यहां का शांत माहौल और समुद्री हवा मन को काफी सुकून देती है। रात रामेश्वरम में रुकना होगा।

तीसरा दिन

सुबह करीब 5 बजे रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन के लिए निकलेंगे। यह मंदिर हिंदुओं के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है। दर्शन के बाद रामरपदम मंदिर और पंचमुखी हनुमान मंदिर भी दिखाया जाएगा। इसके बाद होटल लौटकर थोड़ा आराम करने का समय मिलेगा। फिर सुबह करीब 11:30 बजे मदुरै के लिए रवाना होंगे। मदुरै में आपको तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर, थिरुमलाई नायक महल और प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर घुमाया जाएगा।

शाम करीब 7 बजे मदुरै रेलवे स्टेशन पर ड्रॉप के साथ यह शानदार यात्रा खत्म होगी। यह ट्रिप धार्मिक आस्था, प्राकृतिक खूबसूरती और दक्षिण भारतीय संस्कृति का बेहतरीन अनुभव देती है।

खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹24375 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹12650 और ₹9310 तय किया गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड SMH54 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर संपर्क- 8287931974 / 9003140739 / 9363488231 कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article