IRCTC: परिवार के साथ अगर आप दिव्य तीर्थ दर्शन करने का प्लान कर रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। आईआरसीटीसी ने 'SHIV NARSIMHA YATRA' नाम से 5 दिन का बेहद आकर्षक टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है जिसके तहत आपको हैदराबाद, श्रीशैलम और यादाद्रि की धार्मिक यात्रा का सुनहरा मौका मिल रहा है। पैकेज से जुड़ी जानकारी जानने के बाद फटाफट से आप ट्रिप का प्लान कर सकते हैं।
शिव और नरसिंह भगवान की पावन यात्रा (फोटो: AI)
पहला दिन (मंगलवार): रायपुर से यात्रा की शुरुआत
यात्रा की शुरुआत रायपुर रेलवे स्टेशन से होगी। शाम 4:45 बजे ट्रेन नंबर 12772 (रायपुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस) से सिकंदराबाद के लिए रवाना होंगे। रात का सफर ट्रेन में आराम करते हुए बिताएंगे।
दूसरा दिन (बुधवार): हैदराबाद दर्शन
सुबह करीब 8:30 बजे सिकंदराबाद पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन किया जाएगा। होटल में स्वादिष्ट नाश्ता करने के बाद हैदराबाद शहर की सैर शुरू होगी। आप बिड़ला मंदिर, ऐतिहासिक चारमीनार और खूबसूरत चौमहल्ला पैलेस का भ्रमण करेंगे। पूरे दिन हैदराबाद की संस्कृति और इतिहास को करीब से देखने का मौका मिलेगा। शाम को होटल लौटकर आराम करेंगे।
तीसरा दिन (गुरुवार): श्रीशैलम ज्योतिर्लिंग के दर्शन
आज सुबह करीब 5 बजे श्रीशैलम के लिए रवाना होंगे। यह यात्रा लगभग 230 किलोमीटर की होगी। रास्ते में पैक्ड ब्रेकफास्ट दिया जाएगा। श्रीशैलम पहुंचकर भगवान मल्लिकार्जुन स्वामी ज्योतिर्लिंग के पवित्र दर्शन करेंगे। इसके अलावा आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। दर्शन के बाद शाम तक वापस हैदराबाद लौटेंगे।
चौथा दिन (शुक्रवार): यादाद्रि और स्वर्णगिरि मंदिर दर्शन
सुबह नाश्ता करने के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और यादाद्रि (यादागिरिगुट्टा) के लिए रवाना होंगे, जो हैदराबाद से लगभग 65 किलोमीटर दूर है। यहां भगवान श्री लक्ष्मी नरसिंह स्वामी मंदिर के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। इसके बाद भव्य स्वर्णगिरि मंदिर का भी भ्रमण करेंगे। शाम को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और रात 10:40 बजे ट्रेन नंबर 12771 (सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस) से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
पांचवां दिन (शनिवार): रायपुर वापसी
दोपहर करीब 1:20 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसी के साथ भगवान के आशीर्वाद और सुंदर यादों से भरी आपकी यह धार्मिक यात्रा सुखद रूप से संपन्न होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऋषिकेश के पास बसा है स्वर्ग जैसा हिल स्टेशन, भट की दाल और पहाड़ी व्यंजन के लिए है फेमस
खर्चे और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी
कंफर्ट (3AC) सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 39,635 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया क्रमश: 22,630 और 17,520 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 15,045 है। इस पैकेज का कोड- SCBSR20 है। आईआरसीटसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। पैकेज से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आप इस नंबर- 9281495844 पर संपर्क कर सकते हैं।
