लोक सभा इलेक्शन 2024

देश की 18वीं लोकसभा के लिए इस बार सात चरणों में चुनाव हो रहा है। लोकसभा की 543 सीटों के लिए वोट पड़ेंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को 21 राज्यों की 102 सीटों पर होगा। जबकि अंतिम चरण का मतदान 1 जून को होगा। इन सभी सीटों के चुनाव नतीजे (Lok Sabha Election Result) 4 जून को आएंगे। इस बार लोकसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाले NDA और कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन के बीच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इस बार भाजपा के लिए 370 सीटों और एनडीए के लिए 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से उम्मीदवार हैं। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अजय रॉय से है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने बड़ी तैयारी की है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार देश में 96 करोड़ 88 लाख मतदाता हैं। आयोग के आंकड़े बताते हैं कि 80 साल से ऊपर उम्र के 1 करोड़ 85 लाख 92 हजार 918 मतदाता हैं। सौ साल से ऊपर की उम्र वाले भी दो लाख 38 हजार 791 लोग हैं।