स्मार्टफोन आज के समय में हमारी बेसिक जरूरत बन चुका है। बिना स्मार्टफोन के हम कुछ मिनट भी नहीं रह पाते। अब यह डिवाइस सिर्फ कॉलिंग या फिर इंस्टेंट मैसेजिंग के लिए ही नहीं बल्कि एंटरटेनमेंट, एजूकेशन, बैंकिंग रिलेटेड वर्क, ऑनलाइन पेमेंट और साथ ही ऑफिस मीटिंग के लिए भी जमकर इस्तेमाल होता है। इतने सारे कामों में इस्तेमाल होने की वजह से बैटरी भी तेजी से ड्रेन होती है। अब जब हर समय फोन की जरूरत होती है तो उसे देर तक चार्जिंग में भी नहीं लगाया जा सकता है। अगर आपका फोन भी देर में चार्ज होता है तो अब आपकी टेंशन खत्म होने वाली है।
आजकल बाजार में आने वाले स्मार्टफोन्स काफी ज्यादा एडवांस हो चुके हैं। लगभग सभी स्मार्टफोन्स में फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। अगर आपके पास पुराना फोन है जिसमें स्लो स्पीड वाला चार्जर है या फिर आपके फोन में फास्ट चार्जिंग के बावजूद स्लो चार्जिंग होती है तो आपके लिए काम की खबर है। हम आपको आज कुछ ऐसे यूजफुल हैक्स बताने जा रहे हैं जिससे आप अपने पुराने स्मार्टफोन को कुछ ही मिनट में फुल चार्ज कर पाएंगे और आपके काम भी नहीं रुकेंगे।
सर्टिफाइड चार्जर का इस्तेमाल करें
अगर आप चाहते हैं कि आपका फोन जल्दी चार्ज हो तो हमेशा अपने ओरिजनल चार्जर से ही फोन को चार्ज करें। चार्जर खो जाने या फिर खराब हो जाने पर ज्यादातर लोग लोकल एडॉप्टर ले आते हैं या फिर दूसरे फोन के चार्जर से फोन को चार्ज करने लगते हैं। यह गलती भी फोन की बैटरी को खराब करती है। इस बात का खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए कि आपके फोन के लिए कौन सा चार्जर कंपैटिबल है? हमेशा अच्छी क्वालिटी का सर्टिफाइड चार्जर ही इस्तेमाल करें।
एयरप्लेन मोड का करें इस्तेमाल
अगर आप चाहते हैं कि आपका फोन 0 से 100% तक कुछ ही मिनट में चार्ज हो जाए तो आप एयर प्लेन मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस मोड को ऑन करके आप अपने फोन की चार्जिंग स्पीड को कई गुना बढ़ा सकते हैं। एयर प्लेन मोड के ऑन होने से फोन का नेटवर्क बंद हो जाएगा और बैकग्राउंड एक्टिवटी भी बंद हो जाएगी जिससे फोन बेहद फास्ट चार्ज होगा।
लोकेशन ऑफ करें
कई बार हमें पता नहीं चला और फोन की लोकेशन ऑन रहती है। लोकेशन आन रहने की वजह से इंटरनेट हमारी लोकेशन को लगातार ट्रैक करता है जिससे बैटरी की खपत तेजी से होती है और चार्जिंग के दौरान स्पीड भी स्लो रहती है। अगर आप फोन को चार्जिंग पर लगा रहे हैं तो लोकेशन को ऑफ करके लगाएं। यह ट्रिक आपके फोन को जल्दी चार्ज करने में मदद करेगी।
चार्जिंग के दौरान इस्तेमाल न करें
अक्सर देखा जाता है कि लोग चार्जिंग में लगाकर कॉलिंग करने लगते हैं या फिर वीडियो स्ट्रीमिंग करते हैं। वहीं कई लोग फोन को चार्जिंग में लगाकर गेमिंग जैसे हैवी टास्क वाले काम भी करते हैं। चार्जिंग के दौरान फोन इस्तेमाल करने की वजह से बैटरी पर प्रेशर काफी ज्यादा बढ़ता है और ठीक से चार्ज भी नहीं हो पाती। इसलिए अगर आप भी चार्जिंग को दौरान फोन को इस्तेमाल करते हैं तो इस आदत को तुरंत बदल दें।
हमेशा वॉल साकेट पर ही चार्ज करें
अक्सर लोग फोन को हमेशा अपने पास रखने के लिए पावर बैंक या फिर पीसी के जरिए भी फोन को चार्जिंग पर लगा देते हैं। फोन को फास्ट चार्ज करने के लिए हमेशा वॉल सॉकेट का ही इस्तेमाल करें। पावर बैंक की सप्लाई काफी स्लो होती है जिससे स्मार्टफोन को चार्ज होने में देर लगती है। लगातार पावर बैंक इस्तेमाल करने से बैटरी पर भी निगेटिव असर पड़ता है।
