एलन मस्क ने जब से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की कमान संभाली है तब से इसमें दर्जनों बदलाव हो चुके हैं। X अब सिर्फ एक माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म नहीं रहा है इसमें आपको अब कई सारी सुविधाएं दी जाती हैं। अब कंपनी ने अपने यूजर्स के लिए एक नया History फीचर लॉन्च कर दिया है। इस फीचर का मकसद यूजर्स को अपनी पुरानी एक्टिविटी को आसानी से देखने की सुविधा देना है। अब एक्स यूजर्स आसानी से उन वीडियो, फोटोज और आर्टिकल पर पहुंच पाएंगे जो उन्होंने पहले कभी देखा होगा।
X ने अपने History फीचर में यूजर्स को चार अलग-अलग सेक्शन दिए हैं। इसमें Bookmarks, Likes, Videos और Articles, शामिल हैं। इन सभी सेक्शन से यूजर्स के लिए कंटेंट को दोबारा देखना ज्यादा आसान हो जाता है। जहां Bookmarks और Likes को यूजर्स खुद सेव करते हैं, वहीं Videos और Articles सेक्शन अपने आप उन कंटेंट से भरेंगे जिन्हें यूजर्स प्लेटफॉर्म पर देखते हैं।
आसानी से तलाश सकेंगे देखी गई पोस्ट
कंपनी ने शुरुआती चरण में इसे iOS यूजर्स यानी आईफोन के लिए रोल आउट किया है। X के प्रोडक्ट हेड Nikita Bier ने बताया कि यह फीचर यूजर्स की सुविधा के लिए बनाया गया है, ताकि वे बाद में पढ़ने या देखने वाले कंटेंट को आसानी से फिर से ढूंढ सकें। X का कहना है कि History सेक्शन पूरी तरह प्राइवेट रहेगा और सिर्फ उसी यूजर को दिखाई देगा। इस फीचर में उन सभी टूल्स को एक जगह जोड़ा गया है, जो पहले ऐप के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद थे, जैसे साइड मेन्यू में Bookmarks और प्रोफाइल में लाइक की गई पोस्ट।
यह नया फीचर कंपनी के उस प्रयास को दिखाता है जिसके तहत वह शॉर्ट-फॉर्म सोशल नेटवर्किंग से आगे बढ़कर, वीडियो, लंबे लेखों और क्रिएटर्स द्वारा पब्लिश किए जाने वाले कंटेंट पर केंद्रित एक कंटेंट कंजम्पशन प्लेटफॉर्म के तौर पर अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहता है। यह नया फीचर यूजर्स को बाहरी वेबसाइटों पर निर्भर रहने के बजाय, सीधे इसी प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखने में ज्यादा समय बिताने के लिए भी प्रोत्साहित कर सकता है।
