टेक एंड गैजेट्स

भारत में तेजी से बढ़ रहा UPI लेनदेन, दिसंबर में 8 प्रतिशत बढ़कर 23.25 लाख करोड़ रुपये हुआ

UPI transactions: दिसंबर में आईएमपीएस से 6.02 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए थे, जबकि नवंबर में यह 5.58 लाख करोड़ रुपये था। एनपीसीआई के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में फास्टैग लेनदेन 6 प्रतिशत बढ़कर 38.2 करोड़ हो गया है, जबकि नवंबर में यह 35.9 करोड़ था।

Image

UPI transactions (Image Source: iStock)

UPI Transactions: यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) लेनदेन की संख्या दिसंबर में मासिक आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर 16.73 अरब हो गई है। यह जानकारी बुधवार को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के डेटा से प्राप्त हुई है। दिसंबर में यूपीआई ट्रांजैक्शन की वैल्यू 8 प्रतिशत बढ़कर 23.25 लाख करोड़ रुपये हो गई है जो कि नवंबर में 21.55 लाख करोड़ रुपये थी।

पूरे 2024 के लिए यूपीआई लेनदेन की संख्या 2023 में 118 अरब की तुलना में लगभग 46 प्रतिशत बढ़कर 172 अरब हो गई है। इस दौरान यूपीआई लेनदेन की वैल्यू 35 प्रतिशत बढ़कर 247 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो कि 2023 में 183 लाख करोड़ रुपये थी। वार्षिक आधार पर यूपीआई लेनदेन की संख्या में 39 प्रतिशत और वैल्यू में 28 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

दिसंबर में औसत प्रतिदिन लेनदेन की संख्या बढ़कर 54 करोड़ हो गई है, जो कि नवंबर में 51.6 करोड़ थी। दिसंबर में यूपीआई से औसत प्रतिदिन 74,990 करोड़ रुपये की वैल्यू के लेनदेन हुए हैं, यह आंकड़ा नवंबर में 71,840 करोड़ रुपये था। दिसंबर में इमीडिएट पेमेंट सर्विस (आईएमपीएस) लेनदेन 8 प्रतिशत बढ़कर 44.1 करोड़ हो गया, जबकि नवंबर में यह 40.8 करोड़ था।

दिसंबर में आईएमपीएस से 6.02 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए थे, जबकि नवंबर में यह 5.58 लाख करोड़ रुपये था। एनपीसीआई के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में फास्टैग लेनदेन 6 प्रतिशत बढ़कर 38.2 करोड़ हो गया है, जबकि नवंबर में यह 35.9 करोड़ था। दिसंबर में फास्टैग लेनदेन की वैल्यू भी 9 प्रतिशत बढ़कर 6,642 करोड़ रुपये हो गया, जबकि नवंबर में यह 6,070 करोड़ रुपये थी।

इसके अलावा आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) लेनदेन की संख्या नवंबर में 9.2 करोड़ से 1 प्रतिशत बढ़कर दिसंबर में 9.3 करोड़ हो गई है। यूपीआई फिलहाल फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, श्रीलंका, मॉरीशस, भूटान और नेपाल में स्वीकार किया जा रहा है।

इनपुट-आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article