Jio AI Assistant for Small Shop Owners: रिलायंस जियो देश की नंबर एक टेलीकॉम कंपनी है। जियो के पास इस समय करीब 50 करोड़ लोगों का बड़ा यूजरबेस है। वैसे तो जियो हमेशा अपने धमाकेदार रिचार्ज प्लान्स को लेकर सुर्खियों में रहती है लेकिन इस बार अपनी अपने नए लॉन्च को लेकर चर्चा में बनी हुई है। जियो ने मोबाइल इंडिया कांग्रेस 2025 में छोटे दुकानदारों और माइक्रो एंटरप्राइज के लिए एक धांसू एआई टूल लॉन्च किया है जिसका नाम Jio Agentic AI है। जियो का यह एआई टूल छोटे व्यापारियों की बड़ी टेंशन खत्म करने वाला है। Jio Agentic AI दुकानदारों और व्यापारियों को 24 घंटे सातों दिन सपोर्ट देगा।
Jio Agentic AI Assistant से व्यापारियों को बड़ी सहूलियत मिलने वाली है। यह बिना रुके और थके सातों दिन काम करेगा। जियो ने इस एआई असिस्टेंट को इस तरह से डिजाइन किया है कि दुकान मालिक कई सारे काम से टेंशन फ्री हो सकते हैं। उदाहरण के लिए- मान लीजिए आपका कोई स्टोर है या फिर आप कोई होटल या रेस्टोरेंट चलाते हैं तो Jio Agentic AI Assistant आपके ग्राहकों के कॉल को रिसीव कर सकता है। वह ग्राहकों के सवालों के जवाब दे सकता है और साथ ही ऑडर्स को भी रिसीव कर सकता है। यह एआई असिस्टेंट डिलीवरी को भी कंफर्म कर सकता है।
कई सारी भाषाओं का मिलेगा सपोर्ट
जियो की तरफ से दी गई है जानकारी के मुताबिक Jio Agentic AI Assistant में शुरुआती चरण में अभी सिर्फ हिंदी और इंग्लिश भाषा का सपोर्ट दिया गया है लेकिन जल्द ही इसमें तेलुगु और कन्नड़ भाषा का भी सपोर्ट मिलेगा। इसके साथ ही कंपनी आने वाले महीनों में इसमें भारत की 10 अलग-अलग भाषाओं का भी सपोर्ट देगी। कंपनी के मुताबिक जियो एआई असिस्टेंट को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह एकदम नेचुरल लगता है। इसके बोलने का तरीका इतना नेचुरल है कि आप सिर्फ सुनकर नहीं कह सकते कि यह एआई की आवाज है।
ग्राहकों को देगा छोटी-बड़ी जानकारी
आपको बता दें कि Jio Agentic AI Assistant ग्राहकों के सवालों का जवाब देने के साथ ही सेल्समैन का भी रोल प्ले कर सकता है। अगर आपने अपने दुकान में कोई नया प्रोडक्ट शामिल किया है या फिर कोई नया ऑफर शुरू किया है तो यह खुद ही ग्राहकों को इस बारे में जानकारी दे देगा। इसके अलावा यह ग्राहकों को स्टोर का पता, उसके खुलने और बंद होने का समय जैसी जरूरी जानकारी भी दे सकता है। शॉप पर एक साथ कई सारे ग्राहकों के काल्स आने पर यह पर्सनल तरीके से लोगों को जवाब देगा। बता दें कि Jio Agentic AI Assistant का पूरा सिस्टम जियो के सिक्योर सर्वर और Jio Cloud+ True 5G नेटवर्क पर चलेगा।
