टेक एंड गैजेट्स

Google AI Studio अब एंड्रॉयड पर भी आएगा, AI की मदद से आसानी से बना सकेंगे ऐप और टूल

Google अब AI तकनीक को सिर्फ डेवलपर्स तक सीमित नहीं रखना चाहता। AI Studio के मोबाइल वर्जन के जरिए कंपनी सामान्य यूजर्स को भी बिना ज्यादा तकनीकी जानकारी के एप बनाने का अनुभव देना चाहती है।

Image

Google AI Studio अब एंड्रॉयड पर भी आएगा, AI की मदद से आसानी से बना सकेंगे ऐप और टूल

Google अब अपने AI प्लेटफॉर्म Google AI Studio को एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। अब तक यह प्लेटफॉर्म डेवलपर्स और AI उत्साही लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था, जहां नए AI मॉडल और फीचर्स को टेस्ट किया जाता था। अब कंपनी इसे आम यूजर्स के लिए भी आसान बनाने पर काम कर रही है।

सिर्फ टेक्स्ट लिखकर बना सकेंगे ऐप

नई AI Studio मोबाइल ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यूजर्स सिर्फ सामान्य भाषा में निर्देश देकर ऐप, टूल, गेम और ट्रैकर्स तैयार कर सकेंगे। इस प्रक्रिया को “वाइब कोडिंग” कहा जा रहा है, जिसमें कोड लिखने की जरूरत काफी कम हो जाती है और AI खुद ऐप तैयार करने में मदद करता है।

Play Store पर दिखी ऐप की लिस्टिंग

Google AI Studio एप को फिलहाल आधिकारिक तौर पर रिलीज नहीं किया गया है, लेकिन इसकी लिस्टिंग Google Play Store पर दिखाई दी है। यूजर्स अभी इसके लिए प्री-रजिस्टर कर सकते हैं। कंपनी ने यह भी संकेत दिए हैं कि एप जल्द ही Apple App Store पर भी उपलब्ध हो सकती है, हालांकि लॉन्च डेट का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

कम्युनिटी ऐप्स को भी कर सकेंगे कस्टमाइज

AI Studio मोबाइल ऐप में कम्युनिटी द्वारा बनाए गए एप्स की एक खास गैलरी भी मिलेगी। यूजर्स इन ऐप्स को अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकेंगे। इसमें थीम बदलने, लेआउट एडिट करने और नए फीचर्स जोड़ने जैसे विकल्प मिलेंगे।

ऐप तैयार होने पर मिलेगा नोटिफिकेशन

Google इस ऐप को “ऑन द गो” AI टूल के रूप में पेश कर रहा है। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स कहीं से भी अपने ऐप आइडिया को वास्तविक रूप दे सकेंगे। ऐप में नोटिफिकेशन अलर्ट, लिंक शेयरिंग और क्रॉस-प्लेटफॉर्म सपोर्ट जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे।

2023 में हुई थी शुरुआत

Google ने इस प्लेटफॉर्म को सबसे पहले मार्च 2023 में MakerSuite नाम से लॉन्च किया था। बाद में दिसंबर 2023 में Gemini 1.0 मॉडल आने के बाद इसका नाम बदलकर AI Studio कर दिया गया। इसी साल कंपनी ने इसमें Antigravity नाम का कोडिंग एजेंट भी जोड़ा, जो मल्टीप्लेयर फीचर्स, लाइव डेटाबेस और रियल-वर्ल्ड सर्विसेज को जोड़ने में मदद करता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article