टेक एंड गैजेट्स

Google I/O 2026: आज से शुरू हो रहा गूगल का सबसे बड़ा इवेंट, Android 17 को लेकर हो सकते हैं बड़े ऐलान

Google I/O इवेंट हर साल मई में होता है। यह गूगल का एक सॉफ्टवेयर इवेंट है। इस बार पूरी दुनिया की नजर Android 17 और नए एआई टूल पर है। इसमें दुनियाभर के टेक एक्सपर्ट शामिल होते हैं।

Image

Google I/O 2026: आज से शुरू हो रहा गूगल का सबसे बड़ा इवेंट, Android 17 को लेकर हो सकते हैं बड़े ऐलान

Google का सबसे बड़ा डेवलपर इवेंट Google I/O 2026 आज यानी 19 मई से शुरू होने जा रहा है। इस इवेंट में कंपनी आने वाले महीनों में लॉन्च होने वाले नए फीचर्स और टेक्नोलॉजी की झलक दिखा सकती है। इस बार भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को इवेंट का सबसे बड़ा फोकस माना जा रहा है।

कैसे देख सकते हैं लाइव इवेंट?

Google I/O 2026 भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे शुरू होगा। कंपनी के CEO सुंदर पिचाई कैलिफोर्निया के माउंटेन व्यू स्थित शोरलाइन एम्फीथिएटर से कीनोट स्पीच देंगे। यूजर्स इस इवेंट को Google for Developers के YouTube चैनल और YouTube ऐप पर लाइव देख सकेंगे। इसके बाद डेवलपर्स के लिए खास टेक्निकल सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, जो भारतीय समयानुसार रात 2 बजे शुरू होंगे।

AI पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस

इस साल Google अपने AI मॉडल्स और नए AI टूल्स को लेकर कई बड़े ऐलान कर सकता है। कंपनी मल्टीमॉडल AI, मीडिया जनरेशन, रोबोटिक्स और स्मार्ट AI एजेंट्स से जुड़े नए फीचर्स दिखा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Google ऐसे टूल्स पर भी काम कर रहा है, जिनकी मदद से डेवलपर्स AI ऐप्स को ज्यादा तेजी और आसानी से तैयार कर सकेंगे।

Android 17 की भी मिल सकती है झलक

Google अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम Android 17 के फीचर्स भी पेश कर सकता है। फिलहाल यह बीटा टेस्टिंग में है और इसे इसी साल लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। नए Android वर्जन में बेहतर परफॉर्मेंस, बड़े स्क्रीन डिवाइस के लिए बेहतर सपोर्ट और डेस्कटॉप जैसे एक्सपीरियंस पर फोकस किया जा सकता है।

Google Chrome में भी होंगे बदलाव

कंपनी अपने वेब ब्राउजर Google Chrome के लिए भी नए AI फीचर्स पेश कर सकती है। इसमें स्मार्ट ब्राउजिंग, बेहतर स्पीड और नए वेब API सपोर्ट जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।

टेक दुनिया की नजरें Google पर

हर साल की तरह इस बार भी दुनियाभर के डेवलपर्स और टेक यूजर्स की नजरें Google I/O 2026 पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि यह इवेंट आने वाले समय में AI और एंड्रॉयड की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article