एप्पल ने डेवलपर्स और बीटा टेस्टर्स के लिए iOS 26 बीटा 6 अपडेट जारी कर दिया है। यह अपडेट सभी सपोर्टेड iPhone मॉडलों पर उपलब्ध है और iOS 26 के पांचवें डेवलपर बीटा के एक हफ्ते बाद आया है, हालांकि इसमें बड़े बदलाव नहीं हैं, लेकिन कुछ छोटे और दिलचस्प सुधार देखने को मिले हैं। इनमें नए रिंगटोन, तेज ऐप लॉन्च ऐनिमेशन और सिस्टम में लिक्विड ग्लास इफेक्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
iOS 26 BETA 6/ Photo- Apple
iOS 26 बीटा 6 में क्या नया है
iOS 26 बीटा 6 का बिल्ड नंबर 23A5318c है। एप्पल ने आधिकारिक रूप से बदलावों की सूची साझा नहीं की, लेकिन MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अपडेट में कई नई रिंगटोन जोड़ी गई हैं। "Reflection" रिंगटोन के कई वेरिएशन जैसे Buoyant, Dreamer, Tech, Pop, Reflected और Surge उपलब्ध हैं। इसके अलावा एक नया रिंगटोन Little Bird भी जोड़ा गया है।
पहले बीटा में पेश किया गया Liquid Glass UI अब टॉगल स्विच पर भी लागू हो गया है। किसी टॉगल पर टैप करने पर लिक्विड ग्लास जैसा इफेक्ट दिखाई देता है। लॉक स्क्रीन पर घड़ी का डिजाइन अब पिछले बीटा की तुलना में और पारदर्शी हो गया है और ऐप्स के नेविगेशन बार में भी यही बदलाव देखा गया है। ऐप्स को खोलने और बंद करने के ऐनिमेशन अब पहले से तेज हैं और इनमें हल्का सा बाउंस इफेक्ट है, जो लॉक स्क्रीन के पासकोड ऐनिमेशन जैसा है।
पिछले बीटा (Beta 5) में कैमरा ऐप में एक नया टॉगल जोड़ा गया था, जिससे यूज़र क्लासिक मोड चालू कर सकते थे और ऐप के UI में स्क्रॉल डायरेक्शन बदल सकते थे। अब बीटा 6 में यह टॉगल हटा दिया गया है और क्लासिक मोड डिफॉल्ट व एकमात्र विकल्प बन गया है। अन्य बदलावों में Liquid Glass UI को समझाने वाला नया इंट्रोडक्टरी वीडियो, और प्रीव्यू ऐप में नया डॉक्यूमेंट बनाने व स्कैन करने के बटन को बड़ा और अलग पोज़िशन पर रखना शामिल है।
