टेक एंड गैजेट्स

अब फ्लाइट में मिलेगी वाई-फाई सर्विस, एयर इंडिया ने घरेलू उड़ान में की लॉन्चिंग

Air India Wi-Fi service on domestic flight: एयर इंडिया के चीफ कस्टमर एक्सपीरियंस ऑफिसर, राजेश डोगरा ने कहा कि कनेक्टिविटी अब आधुनिक यात्रा का एक अभिन्न अंग बन गई है। कुछ लोगों के लिए, यह रियल टाइम में जानकारियां साझा करने की सुविधा और आराम के बारे में है, जबकि अन्य के लिए, यह अधिक उत्पादकता और दक्षता के बारे में है।

Image

Air India Wi-Fi service on domestic flight (image-istock)

Air India Wi-Fi service on domestic flight: टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया घरेलू उड़ान मार्गों पर वाई-फाई सर्विस लॉन्च करने वाली विमान कंपनी बन गई है। यह जानकारी एयर इंडिया द्वारा बुधवार को दी गई। एयर इंडिया द्वारा बताया गया कि यात्री घरेलू मार्गों पर एयरबस ए350, बोइंग 787-9 और चुनिंदा एयरबस ए321 नियो विमानों में वाई-फाई इंटरनेट कनेक्टिविटी सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

एयरलाइन ने कहा कि देश में एयर इंडिया इन-फ्लाइट वाई-फाई सर्विस देने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। इससे यात्रियों को अपनी छुट्टी और बिजनेस ट्रैवल के दौरान हमेशा इंटरनेट से जुड़े रहने और ब्राउजिंग, सोशल मीडिया तक पहुंचने, काम के बारे में जानकारी प्राप्त करने या मित्रों और परिवार को संदेश भेजने में सुविधा होगी।

एयर इंडिया के चीफ कस्टमर एक्सपीरियंस ऑफिसर, राजेश डोगरा ने कहा कि कनेक्टिविटी अब आधुनिक यात्रा का एक अभिन्न अंग बन गई है। कुछ लोगों के लिए, यह रियल टाइम में जानकारियां साझा करने की सुविधा और आराम के बारे में है, जबकि अन्य के लिए, यह अधिक उत्पादकता और दक्षता के बारे में है।

उन्होंने आगे कहा कि चाहे किसी का उद्देश्य कुछ भी हो, हमें विश्वास है कि हमारे मेहमान वेब से जुड़ने के विकल्प की सराहना करेंगे और इन विमानों में एयर इंडिया के नए अनुभव का आनंद लेंगे। एयर इंडिया ने कहा कि पैसेंजर वाई-फाई का इस्तेमाल लैपटॉप, टैबलेट्स और स्मार्टफोन आदि के साथ कर सकते हैं।

इन-फ्लाइट वाई-फाई के जरिए ग्राहक 10,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर एक साथ कई डिवाइस का आंनद उठा सकते हैं। घरेलू मार्गों पर वाई-फाई की सुविधा एयरबस ए350, चुनिंदा एयरबस ए321 नियो और बोइंग बी787-9 विमानों द्वारा संचालित अंतरराष्ट्रीय सेवाओं पर चल रहे पायलट कार्यक्रम के बाद की गई है, जो न्यूयॉर्क, लंदन, पेरिस और सिंगापुर सहित अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों पर सेवा प्रदान करते हैं।

वर्तमान में, एयर इंडिया द्वारा वाई-फाई सेवा निःशुल्क प्रदान की जा रही है। घरेलू पेशकश की तरह, वाई-फाई एक प्रारंभिक अवधि के लिए निःशुल्क है। एयर इंडिया ने कहा कि समय के साथ एयर इंडिया अपने बेड़े के अन्य विमानों पर भी यह सेवा शुरू करेगी।

इनपुट- आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article