डेविस कप से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, युकी भांबरी का खेलना संदिग्ध

Yuki Bhambri Injury: अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले अभ्यास के दौरान भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी के पांव में खिंचाव आ गया है। इस कारण दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में उनका खेलना संदिग्ध हो गया है।

Yuki Bhambri Injury: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी का दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में खेलना संदिग्ध हो गया है। अमेरिकी ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान उनके दाहिने पांव में खिंचाव आ गया था। इसी चोट के कारण भांबरी बृहस्पतिवार रात को दक्षिण कोरिया के लिए रवाना हुए भारतीय खिलाड़ियों के पहले बैच के साथ सोल नहीं जा सके, जिससे उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम आठ टीमों के एलीट डेविस कप फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी। ऐसे में भांबरी का न खेलना भारत के लिए बड़ा झटका हो सकता है।

Yuki

युकी भांबरी (फोटो साभार- yukibhambri)

भांबरी ने चोट को बताया मामूली

हालांकि भांबरी ने खुद इस चोट को मामूली मोच बताया है। उन्होंने पीटीआई से कहा, "अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले अभ्यास के दौरान मेरे पांव में खिंचाव आ गया था। यह मामूली चोट है। पूरी तरह फिट होने की कोई समयसीमा तय नहीं है, लेकिन यह गंभीर नहीं है।" उन्होंने बताया कि अभी भी दर्द है और उनकी स्थिति पर रोजाना नजर रखी जा रही है। वह फिटनेस का आकलन करने के लिए भारतीय डेविस कप टीम के सहयोगी स्टाफ देबाशीष दास और यश पांडे के संपर्क में हैं। भांबरी ने कहा, "हमें दिन प्रतिदिन इसका आकलन करना होगा। देखते हैं क्या होता है।"

End of Feed