स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार अभियान जारी है। पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को हराने के बाद इंडोनेशिया को भी एकतरफा मुकाबले में धूल चटा दी। टीम इंडिया ने इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पूल B का दूसरा मुकाबला 17-1 से जीता। भारत की तरफ से दीपिका, सुनेलिता टोप्पो, लालरेम्सियामी, रुतुजा पिसाल, साक्षी राणा, सलीमा टेटे, नवनीत कौर और इशिका चौधरी ने गोल दागे।
महिला हॉकी टीम का विजयी अभियान जारी। फोटो- हॉकी इंडिया
भारत ने शुरू से आखिर तक दबदबा बनाए रखा। हाफ-टाइम तक टीम 9-0 से आगे थी और दूसरे हाफ में भी लगातार हमले जारी रखे। पहले हाफ में भारत के लिए दीपिका (8वें मिनट, 28वें), सुनेलिता टोप्पो (11वें, 30वें मिनट), लालरेम्सियामी (13वें मिनट, 16वें मिनट), रुतुजा (15वें, 20वें मिनट) और साक्षी (25वें मिनट) ने गोल दागे। भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया की डिफेंस लाइन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
दूसरे हाफ में एक गोल कर पाया इंडोनेशिया
दूसरे हाफ की शुरुआत में इंडोनेशिया की अदिति ने 32वें मिनट में गोल किया। इसके चलते लगा कि इंडोनेशिया थोड़ा बहुत फाइट करने की कोशिश करेगी। हालांकि, भारतीय टीम ने इसके बाद इंडोनेशिया को वापसी करने का कोई और मौका नहीं दिया। दूसरे हाफ में भारत की तरफ से सलीमा टेटे (34वें मिनट), नवनीत कौर (35वें, 56वें, 57वें मिनट), इशिका चौधरी (36वें मिनट), रुतुजा (39वें, 43वें मिनट), दीपिका (40वें मिनट) और साक्षी ने (57वें मिनट) गोल दागे।
भारत का हर क्वार्टर में रहा दबदबा
भारत ने पहले क्वार्टर में चार, दूसरे और तीसरे क्वार्टर में 5-5 गोल किया। आखिरी क्वार्टर में भारत ने तीन गोल दागे। भारत की तरह से रुतुजा ने चार, दीपिका ने तीन गोल दागे। आखिरी सीटी बजने पर भारत की 16 गोल के अंतर से बड़ी जीत पक्की की। टीम इंडिया पूल-बी में अभी तीन और मुकाबले खेलेगी।
