
India vs South Korea Hockey Highlights: दक्षिण कोरिया को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त देकर फाइनल में पहुंची भारतीय टीम
India vs South Korea Hockey Highlights: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। भारत का यह एशियन गेम्स में लगातार छठवीं जीत है। सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने अच्छी शुरुआत की। पहले क्वार्टर में भारत ने तीन गोल दागकर बढ़त हासिल की। लेकिन दूसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने शानदार वापसी करते हुए दो गोल दागे और बढ़त को 4-2 से कम किया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भी दक्षिण कोरिया टीम एक गोल दागकर बढ़त को 4-3 से कम करने में सफल रही। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच गोल को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंतिम समय में भारत ने एक और गोल दागकर बढ़त को बरकरार रखा और मुकाबले पर भी कब्जा जमाया। भारत के लिए हार्दिक सिंह ने पांचवें मिनट में, मनदीप सिंह ने 11वें मिनट में, ललित उपाध्याय ने 15वें मिनट में, अमित ने 24वें मिनट में और अभिषेक ने 54 वें मिनट में गोल दागे। वहं, दक्षिण कोरिया के मंजाय जंग ने 17वें, 20वें और 42वें मिनट में गोल दागे।