स्पोर्ट्स

Hockey World Cup 2023: बराबरी पर समाप्त हुआ भारत और इंग्लैंड के बीच रोमाचंक मुकाबला

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 15, 2023, 08:53 PM IST

भारत और इंग्लैंड के बीच हॉकी विश्व कप 2023 में पूल डी का राउरकेला में खेला गया मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों के बीच मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन कोई गोल नहीं कर सकी।

Image

भारत बनाम इंग्लैंड, हॉकी वर्ल्ड कप 2023

राउरकेला: भारत और इंग्लैंड के बीच हॉकी विश्व कप 2023 का पूल डी का मुकाबला रोमांचक अंदाज में 0-0 के अंतर के साथ समाप्त हो गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन एक दूसरे के गोल को भेदने में सफल नहीं हुईं। हालांकि इंग्लैंड की टीम ने मैच में गेंद को ज्यादा वक्त (53%) अपने कब्जे में रखा।मैच में इंग्लैंड को 8 पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि भारत को 4 लेकिन कोई भी टीम इन मौकों को नहीं भुना पाई और 60 मिनट के शानदार खेल के बाद मुकाबला बराबरी पर समाप्त हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।

इंग्लैंड पहले और भारत दूसरे पायदान पर काबिज

दोनों टीमों विश्व कप में अपने पहले मुकाबले में जीत दर्ज करके पहुंची थीं। इंग्लैंड ने जहां अपने पहले मैच में वेल्स को 5-0 से पटखनी दी थी वहीं भारत ने स्पेन को 2-0 के अंतर से मात दी थी। इस मैच के बराबरी पर समाप्त होते ही इंग्लैंड की टीम पूल डी में पहले और भारत दूसरे पायदान पर काबिज है। पहले और दूसरे स्थान का फैसला गोल अंतर के आधार पर हुआ। भारत को पहले पायदान पर रहते हुए ग्रुप दौर का अंत करने के लिए अपने आखिरी मैच में वेल्स को बड़े अंतर से मात देनी होगी।

फर्स्ट हाफ में इंग्लैंड को मिले सात पेनल्टी कॉर्नर

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पूल डी के मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम के ऊपर इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा लेकिन दोनों टीमों में से कोई भी गोल करने में सफल नहीं हुई। भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में 5 पेनल्टी कॉर्नर इंग्लैंड को दिए लेकिन वो खुशकिस्मत रही कि कोई गोल नहीं हुआ। भारतीय टीम को 1 पेनल्टी कॉर्नर पहले क्वार्टर के खत्म होने के ढाई मिनट पहले मिला लेकिन वो भी गोल नहीं कर पाई।

भारतीय डिफेंस ने दिखाया दम

दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच गोल जड़ने के लिए कड़ी मशक्कत देखने को मिली। जहां भारतीय टीम को दूसरे क्वार्टर में पहले क्वार्टर की तुलना में पेनल्टीकॉर्नर मिले लेकिन भारतीय टीम मौकों को भुना पाने में नाकाम रही। दो क्वार्टर के खेल में दोनों टीमों को कुल मिलाकर 10 से ज्यादा पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन हॉफ टाइम में स्कोर लाइन 0-0 से बराबर थी। तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और मैच का फैसला अंतिम 15 मिनट पर टिक गया।

अंतिम 15 मिनट में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी मशक्कत देखने को मिली देखते-देखते मुकाबला अंतिम 3 मिनट तक पहुंच गया। दोनों टीमों का डिफेंस और अटैक दोनों ही शानदार रहा और कोई टीम गोल नहीं कर पाई और मैच का अंत 0-0 की बराबरी के साथ हुआ।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article