अहमदाबाद। गुजरात के उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि वर्ष 2030 में अहमदाबाद में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और 'टीम गुजरात' इस मेगा स्पोर्टिंग इवेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ स्पोर्ट, इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और राज्य के खेल विभाग के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही हैं।
गुजरात में कॉमनवेल्थ 2030 की तैयारियां शुरु। फोटो- साभार हर्ष संघवी X हैंडल
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन समारोह के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का फ्लैग भारत को सौंपा गया था। इसके बाद बुधवार को ग्लासगो 2026 के भारतीय प्रतिनिधिमंडल, गुजरात के एथलीटों और पैरा-एथलीटों ने गुजरात मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को यह फ्लैग औपचारिक रूप से सौंपा।
बेटियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पिछले कई वर्षों में देशभर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कई महत्वपूर्ण खेल शामिल नहीं होने के बावजूद भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत की बेटियों ने दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर केवल राज्य के खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध है। संघवी ने कहा, 'भारत के किसी भी राज्य का कोई भी खिलाड़ी यदि गुजरात की खेल सुविधाओं का उपयोग करना चाहता है, तो उसके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। यहां आने वाला कोई भी खिलाड़ी हमारा मेहमान नहीं, बल्कि हमारे परिवार का सदस्य है।'
उन्होंने राज्यों के बीच सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग खेलों का मजबूत इकोसिस्टम विकसित हुआ है। संघवी ने कहा, 'किसी खेल का बेहतर इकोसिस्टम गुजरात में है तो किसी का राजस्थान या महाराष्ट्र में। ऐसे में सभी राज्यों को एक-दूसरे के खिलाड़ियों का सहयोग करना चाहिए, ताकि उन्हें जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों, वहां प्रशिक्षण मिल सके।'
खिलाड़ी के लिए खुले गुजरात स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के दरवाजे
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए 'खेलो इंडिया' का बजट आठ गुना बढ़ाकर खिलाड़ियों को सीधे सहयोग देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार जिला स्तर पर खेलों को और अधिक बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। इसके तहत गुजरात के सभी जिला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अधिक से अधिक स्थानीय खिलाड़ियों को जोड़ने और उन्हें आधुनिक सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
अपने संबोधन के अंत में हर्ष संघवी ने देशभर के खिलाड़ियों को गुजरात आने का निमंत्रण देते हुए कहा, "यह धरती हम सबकी है। यहां आइए, मेहमान बनकर नहीं बल्कि परिवार के सदस्य बनकर। अपने सपनों को यहां साकार कीजिए। गुजरात में देश के हर खिलाड़ी का हमेशा स्वागत है।'
