क्रिकेट

ZIM vs AFG Only Test Highlights: जिंबाब्वे ने अफगानिस्तान को दी मात, 12 साल बाद घर पर जीता टेस्ट मैच

जिंबाब्वे ने अफगानिस्तान को हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 73 रन के अंतर से पटखनी देकर घरेलू सरजमीं पर 12 साल से चल रहे जीत के सूखे को खत्म कर दिया। ऐसा रहा मैच के तीसरे और आखिरी दिन के खेल का हाल।

Image

जिंबाब्वे क्रिकेट टीम (फोटो क्रिकेट @ZimCricketv X)

हरारे: जिंबाब्वे ने अफगानिस्तान को हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन पारी और 73 रन के बड़े अंतर से मात दी और 12 साल लंबे अंतराल के बाद घर पर टेस्ट में पहली जीत दर्ज की। जिंबाब्वे ने अपनी धरती पर आखिरी टेस्ट मैच साल 2013 में जीता था। मैच में मेजबान जिंबाब्वे ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और 127 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए बेन कुरेन की 121 रन की पारी की बदौलत 359 रन का स्कोर खड़ा किया।

पारी और 73 रन के अंतर से जीता मैच

पहली पारी में 232 रन की बढ़त हासिल करने के बाद जिंबाब्वे के गेंदबाजों ने ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नागरवा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानी टीम को 159 रन पर ढेर करके मैच पारी और 73 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया। 24 साल बाद जिंबाब्वे की टीम कोई टेस्ट मैच पारी के अंतर से अपने नाम करने में सफल हुई है। जिंबाब्वे ने आखिरी बार पारी के अंतर से जीत साल 2001 में बांग्लादेश के खिलाफ हासिल की थी।

दर्ज की अपनी सबसे बड़ी टेस्ट जीत, तोड़ा 30 साल पुराना रिकॉर्ड

जिंबाब्वे की यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। जिंबाब्वे ने साल 1995 में पाकिस्तान को हरारे में पारी और 64 रन के अंतर से मात दी थी। अफगानिस्तान को पारी और 73 रन के अंतर से मात देकर जिंबाब्वे ने अपने 30 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर जीत का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

बेन कुरेन बने प्लेयर ऑफ द मैच

यह पूरा मुकाबला पूरी तरह जिम्बाब्वे के नाम रहा, जहां मेजबान टीम ने खेल के हर सेशन में अपना दबदबा बनाए रखा। ब्रैड इवांस की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान पहली पारी में सिर्फ 127 रन पर सिमट गया। इसके बाद जिंबाब्वे ने बेन कुरेन के शानदार और टेस्ट करियर के पहले शतक की बदौलत 359 रन का स्कोर खड़ा करके 232 रन की बढ़त बना ली। इसके जवाब में अफगानिस्तान रिचर्ड नागरवा के पंजे में फंस गया और दूसरी पारी में भी केवल 159 रन बना सका। नागरवा ने 5 और मुजरबानी ने 3 विकेट चटकाए। बेन कुरेन को शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article