IND vs ENG, World Cup 2023, India likely Playing-11 against England: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) अब अपना अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को विश्व चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने उतरेगी। इंग्लैंड के लिए ये विश्व कप अब तक बेहद खराब रहा है इसलिए टीम इंडिया के हौसले भी बुलंद होंगे और वे लगातार अपनी छठी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। हालांकि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इस मैच के लिए टीम में कुछ बदलाव कर सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम (AP)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए धर्मशाला में हुए विश्व कप मुकाबले में टीम इंडिया ने दो बदलाव किए थे। शार्दुल ठाकुर की जगह मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को टीम में शामिल किया था, जबकि चोटिल हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह दी गई थी। लेकिन अब लगता है कि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी टीम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये हो सकता है बड़ा बदलाव
ताजा खबर के मुताबिक हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) अब बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी चोट से उबर रहे हैं और उम्मीद जताई गई है कि अगले मुकाबले तक वो पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में सूर्यकुमार यादव को हार्दिक पांड्या के लिए जगह खाली करनी पड़ सकती है क्योंकि सूर्यकुमार अपने पहले मौके का फायदा नहीं उठा पाए थे और दो रन बनाकर रन-आउट हो गए थे।
क्या मोहम्मद शमी टीम में बरकरार रहेंगे?
मोहम्मद शमी ने विश्व कप 2023 के अपने पहले ही मैच में 5 विकेट लेकर खलबली मचा दी थी और अब वो वनडे विश्व कप इतिहास में जहीर खान और जवागल श्रीनाथ के बाद सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज भी हैं, उन्होंने महान अनिल कुंबले (31 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में अगर रोहित ऑलराउंडर की चाहत में शार्दुल ठाकुर या फिर स्पिन ऑलराउंडर की चाहत में रविचंद्रन अश्विन को टीम में जगह देना चाहेंगे तो ये मुश्किल ही होगा क्योंकि शमी ने छाप ही ऐसी छोड़ी है।
इंग्लैंड के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल, कुलदीप यादव, रविन्द्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
