बेंगलुरु: ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श विश्व कप के मैच में शतक जमाने वाली चौथी सलामी जोड़ी बन गए। दोनों की जोड़ी ने पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय साझेदारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े। उनमें से कुछ इस प्रकार हैं।
विश्व कप में शतक जड़ने वाली चौथी सलामी जोड़ी
विश्व कप के इतिहास में ऐसा चौथी बार हुआ है जब दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शतक जमाये हों और ऑस्ट्रेलिया के लिये यह पहला अवसर है जब दोनों सलामी बल्लेबाज शतकवीर बने हैं।
विश्व कप इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
वॉर्नर और मार्श के बीच हुई 259 रन की साझेदारी विश्व कप इतिहास में पहले विकेट के लिये हुई दूसरी सबसे बड़ी और ऑस्ट्रेलिया के लिये सबसे बड़ी साझेदारी है।
एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक
डेविड वॉर्नर 163 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यह वॉर्नर का पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चौथा शतक है और एक टीम के खिलाफ इस प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक के विराट कोहली (वेस्टइंडीज के खिलाफ चार) के रिकॉर्ड की उन्होंने बराबरी की।
ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक
डेविड वॉर्नर के बल्ले से विश्व कप में निकला यह पांचवां शतक है। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
जन्मदिन पर शतक जड़ने वाले पहले कंगारू बल्लेबाज
मिचेल मार्श अपने जन्मदिन पर वनडे शतक जमाने वाले छठे खिलाड़ी बन गए। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वो ऑस्ट्रेलिया के वह पहले खिलाड़ी हैं। विश्व कप में ऐसा करने वाले वह न्यूजीलैंड के रॉस टेलर के बाद दूसरे बल्लेबाज हैं।
विश्व कप में सबसे ज्यादा 200+ साझेदारी करने वाली टीम
विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा पांच दोहरी शतकीय साझेदारी के भारत के रिकॉर्ड की ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी कर ली। डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श के बीच हुई 259 रन की साझेदारी ऑस्ट्रेलियाई टीम की विश्व कप में पांचवीं 200+ रन की साझेदारी है।
(भाषा इनपुट के साथ)
