क्रिकेट

Womens World Cup 2025: विश्व कप जीत के बाद भावुक हुईं शेफाली वर्मा, सचिन तेंदुलकर को बताया प्रेरणास्त्रोत

Shafali Verma Statement: महिला विश्व कप 2025 में शेफाली वर्मा ने अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से सभी का दिल जीत लिया है। शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला जिसके बाद उन्होंने सचिन तेंदुलकर का भी आभार व्यक्त किया और बताया कि कैसे उन्होंने वाइल्ड कार्ड एंट्री पर कमाल किया।

Image

शैफाली वर्मा (फोटो- AP)

Shafali Verma Statement: आईसीसी महिला विश्व कप फाइनल में ऐतिहासिक जीत के बाद, युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी इस वापसी और शानदार प्रदर्शन के पीछे ईश्वर की कृपा और खुद पर अटूट विश्वास था। उन्होंने अपनी बेहतरीन फॉर्म को दर्शाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और विश्व कप जीतने पर अपनी खुशी शब्दों में बयां नहीं कर पाईं।

सेमीफाइनल से ठीक पहले टीम में शामिल हुई शेफाली वर्मा ने फाइनल में अपने प्रदर्शन और मानसिक तैयारी पर बात की। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक मुश्किल चुनौती थी, लेकिन उन्होंने खुद पर विश्वास बनाए रखा।शेफाली ने कहा, "मैंने शुरुआत में ही कहा था कि भगवान ने मुझे कुछ अच्छा करने के लिए भेजा है। और आज वह परिलक्षित हुआ। मैं बहुत खुश हूं कि हमने आखिरकार विश्व कप जीत लिया। मैं इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकती।"अपनी सफलता का श्रेय आत्मविश्वास को देते हुए उन्होंने कहा, "यह मुश्किल था, लेकिन मुझे खुद पर भरोसा था। मैं खुद पर विश्वास करूंगी। और अगर मैं खुद को शांत रखती हूं, तो मैं कुछ भी कर सकती हूं। इसलिए वह विश्वास और वह शांति मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी।"

परिवार और टीम का अटूट समर्थन

शेफाली ने इस जीत में अपने परिवार और साथियों के समर्थन को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता, दोस्त और भाई ने उन्हें लगातार प्रेरित किया।उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरे माता-पिता, मेरे दोस्त, मेरे भाई—मुझे लगता है कि सभी का बहुत सहयोग था। हर कोई मुझे बताता था कि कैसे खेलना है और यह फाइनल मेरे लिए, पूरी टीम के लिए कितना महत्वपूर्ण है।"

मैच के दौरान उनकी मानसिकता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य टीम को जीत दिलाना था। उन्होंने कहा कि "आज मैं केवल इस बारे में सोच रही थी कि रन कैसे बनाने हैं। टीम को जीतना चाहिए।"

हरमनप्रीत की सलाह आईं काम

शेफाली ने बताया कि कप्तान हरमनप्रीत कौर और टीम के सभी सदस्यों ने उन्हें बिना किसी दबाव के स्वाभाविक खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कहा कि "बिल्कुल, मेरा दिमाग आज स्पष्ट था। और मैं गई और अपनी योजनाओं पर काम किया। मैं बहुत खुश हूं कि वे (योजनाएं) सफल हुईं। टीम मेरे साथ बहुत बात कर रही थी। हरमन हमेशा मेरा समर्थन करती थीं। सभी टीम के साथी बहुत स्वागत करने वाले और सहायक थे। टीम ने बस अपना दिल खोलकर मुझे अपना खेल खेलने के लिए कहा, न कि मेरे खेल को छोड़ने के लिए।"

सचिन तेंदुलकर को बताया प्रेरणास्त्रोत

अंत में, उन्होंने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से मिली प्रेरणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फाइनल में सचिन सर को देखकर उन्हें एक अलग ही ऊर्जा मिली।शेफाली ने कहा, "यह मेरे लिए एक बहुत ही यादगार पल है। लेकिन जब मैंने सचिन सर को देखा, तो मुझे एक अलग ही बूस्ट मिला। मैं सचिन सर से बात करती रहती हूं। वह हमेशा मेरा आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। मुझे उनसे बहुत प्रेरणा मिलती है। उनसे बात करके मुझे बहुत प्रेरणा मिलती है। उन्हें देखने के बाद मुझे बहुत प्रेरणा मिली।"

शेफाली का रिकॉर्ड

शेफाली वर्मा आईसीसी पुरुष और महिला वनडे वर्ल्‍ड कप में अर्धशतक जमाने वाली सबसे युवा बैटर बनीं। भारतीय महिला बैटर ने 21 साल और 278 दिन की उम्र में यह कमाल किया। शेफाली ने ऑस्‍ट्रेलिया की जेसिका डफीन का रिकॉर्ड तोड़ा। डफीन ने 2013 महिला वनडे वर्ल्‍ड कप फाइनल में अर्धशतक जमाया था। तब उनकी उम्र 23 साल और 235 दिन थी।शेफाली वर्मा वर्ल्ड कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गई हैं। शेफाली ने मैच में बल्ले से 87 रन बनाए और 2 बड़े विकेट भी झटके।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article