क्रिकेट

Womens world cup 2025: सचिन ने 1983 से की महिला विश्व कप जीत की तुलना, बोले- 'आपने देश को गर्व महसूस कराया है...'

Womens World Cup 2025 Win: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2025 के फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया है। महिला टीम की इस जीत के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेदुलकर ने भी टीम की सराहना की है और 1983 से इसकी तुलना की है।

Image

महिला विश्व कप जीत के बाद लगा बधाईयों का ताता

Womens World Cup 2025 Win: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए द.अफ्रीका की टीम को 52 रनों से मात दे दी है। मैच काफी रोमांचक था और अंत तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली लेकिन अंत में जीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हुई। इस जीत के बाद देश भर से बधाईंयों का तांता लग गया है और क्रिकेट के भगवान ने भी शानदार ट्वीट किया है और इस पल को खास बताया है।

मैच की बात करें तो इसमें भारतीय टीम को टॉस के समय ही निराशा हाथ लगी जब द.अफ्रीका ने सिक्का जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला कर लिया। भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की और शेफाली वर्मा की दमदार पारी के चलते उन्होंने 298 रनों का लक्ष्य खड़ा कर दिया। इसके जवाब में द.अफ्रीका की टीम की शुरुआत अच्छी रही लेकिन वे लगातार विकेट गंवाते हुए। टीम की कप्तान लॉरा वॉलवर्ट टिकी रहीं लेकिन उनके विकेट के बाद कोई भी पारी को संभाल नहीं पाया और मैच उनके हाथ से चला गया।

सचिन ने 1983 से की तुलना

सचिन तेंदुलकर ने महिला विश्न कप जीत की 1983 से तुलना की है और उनके मुताबिक अब इस जीत के बाद देश भर में महिला क्रिकेट बढ़ेगा और ज्यादा से ज्यादा क्रिकेटर इसमें भाग लेंगी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि '1983 ने पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। आज, हमारी महिला क्रिकेट टीम ने सच में कुछ खास किया है। उन्होंने देश भर की अनगिनत युवा लड़कियों को बल्ला और गेंद उठाने, मैदान पर उतरने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित किया है कि वे भी एक दिन वह ट्रॉफी उठा सकती हैं। यह भारतीय महिला क्रिकेट के सफर में एक अहम पल है।बहुत बढ़िया, टीम इंडिया। आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।'

भारत का ऐसा रहा चैंपियन बनने तक का सफर

भारत ने महिला विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत सह मेजबान श्रीलंका को बारिश से बाधित मुकाबले में 59 रनों से हराकर की। इसके बाद उसने अगले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 88 रनों से हराया। लगातार दो जीत के बाद भारतीय अभियान को उस वक्त झटका लगा जब उसने हार की हैट्रिक लगाई और उस वक्त लगा कि कहीं भारत का सफर ग्रुप चरण में ही ना थम जाए। भारत को पहले इसी दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाफ तीन विकेट से हार मिली जिसके खिलाफ उसे रविवार को फाइनल खेलना है। फिर टीम को ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से और इंग्लैंड ने चार रन हराया। भारत के लिए अब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच जीतना बहुत अहम था। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच वर्चुअल नॉकआउट की तरह था, लेकिन भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की शानदार पारियों से न्यूजीलैंड के सामने विशाल लक्ष्य रखा और बारिश से बाधित मुकाबले में डीएलएस के जरिये 53 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में उनकी टक्कर वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हुई जिन्हें टीम ने रोमांचक तरीके से हरा दिया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article