Womens world cup 2025 record: महिला वनडे विश्व कप 2025 के उद्घाटन मुकाबले में भारत और श्रीलंका के बीच हुए मैच में दर्शकों की ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी। इस मैच में 22,843 दर्शक उपस्थित रहे, जो किसी भी आईसीसी महिला इवेंट के ग्रुप स्टेज मुकाबले में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले का रिकॉर्ड 2024 में दुबई में हुए भारत बनाम पाकिस्तान महिला टी20 विश्व कप मैच का था, जिसमें 15,935 दर्शक आए थे।
भारत की शानदार जीत से हुई शुरुआत
इस ऐतिहासिक मैच में भारत ने श्रीलंका को 59 रन से हराकर टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की। टीम इंडिया पहली बार विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरी है और घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के इरादे से आगे बढ़ रही है।
उद्घाटन समारोह में संगीत का जादू
उद्घाटन समारोह में असम के महान गायक स्वर्गीय जुबीन गर्ग को संगीतमय श्रद्धांजलि दी गई। लोकप्रिय गायक पापोन, जॉय बरुआ और शिलॉन्ग चेंबर क्वॉयर ने गर्ग की रचनाओं को गाकर माहौल भावुक बना दिया।भारतीय राष्ट्रगान का गायन मशहूर गायिका श्रेय घोषाल ने किया, वहीं श्रीलंका का राष्ट्रगान नुवंधिका कुमारी ने प्रस्तुत किया।
टूर्नामेंट एंथम और खास परफॉर्मेंस
मिड-इनिंग ब्रेक के दौरान श्रेया घोषाल ने एक बार फिर मंच संभाला। उन्होंने टूर्नामेंट के आधिकारिक एंथम के साथ अपने लोकप्रिय गीतों का मेडले प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
पूर्व महिला क्रिकेटरों को सम्मान
बीसीसीआई ने इस अवसर पर भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास की कई महान खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इसमें डायना एडुल्जी और नीता डेविड (आईसीसी हॉल ऑफ फेमर), पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी, प्रमिला भट्ट, पूर्णिमा राऊ, अंजुम चोपड़ा और मिताली राज जैसी हस्तियां शामिल थीं।
