क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद टीम इंडिया पर पड़ी दोहरी मार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोमांचक हाईस्कोरिंग मुकाबले में करारी हार के बाद आईसीसी ने जुर्माना लगाया है। जानिए क्या है वजह?

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

विशाखापट्टनम: भारतीय महिला टीम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे विश्व कप के मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए बुधवार को मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। रविवार को विशाखापट्टनम में ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को तीन विकेट से हराया। भारत को अब रविवार को इंदौर में इंग्लैंड के खिलाफ करो या मरो वाले मुकाबले में उतरना है।

हरमनप्रीत कौर ने स्वीकार किया अपराध

आईसीसी ने एक बयान में कहा,'एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की मिशेल पेरेरा ने यह जुर्माना लगाया क्योंकि भारत ने निर्धारित समय में एक ओवर कम किया था। इस कारण उसके खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।' आईसीसी ने कहा कि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जुर्माना स्वीकार करते हुए अपराध स्वीकार कर लिया है और औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं है।

ऐसा है टीम इंडिया का अंक तालिका में हाल

भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाई स्कोरिंग मुकाबले में हार के बाद विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है। टीम इंडिया अबतक खेले चार मुकाबलों में दो जीत और दो हार के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 4 मैच में 3 जीत और 7 अंक के साथ पहले स्थान पर है। इंग्लैंड की टीम 3 मैच में 3 जीत के साथ दूसरे और दक्षिण अफ्रीका 4 मैच में 3 जीत और एक हार के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ 19 अक्टूबर को खेले जाने वाले मुकाबले पर सबकी निजरें टिकी हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article