WI vs PNG, Who Won Yesterday T20 World Cup 2024 Match (कल का मैच कौन जीता?): मेजबान वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप 2024 की शुरुआत पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 5 विकेट के अंतर से जीत के साथ की है। मैच में पापुआ न्यू गिनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 136 रन का स्कोर खड़ा किया था जिसे हासिल करने में विंडीज की टीम के पसीने छूट गए। 16 ओवर में 97 रन पर 5 विकेट वेस्टइंडीज ने गंवा दिए थे। लेकिन अंत में रोस्टन चेज और आंद्रे रसेल ने 6 गेंद और 5 विकेट शेष रहते वेस्टइंडीज को जीत दिला दी। दो बार की चैंपियन विंडीज ने इसके साथ ही जीत के साथ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत की। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?
वेस्टइंडीज ने जीता टॉस:
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।खराब रही पापुआ न्यू गिनी की शुरुआत
वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पापुआ न्यू गिनी की शुरुआत खराब रही। ओपनर टोनी उरा दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। उरा 2(5) रन बना सके। इसके बाद पापुआ न्यू गिनी को दूसरा झटका भी तीसरे ओवर की पहली गेंद पर लीगा सईका के रूप में लगा। सईका 1(2) रन बनाकर अकील हुसैन की गेंद पर बोल्ड हो गए। पॉवरप्ले की आखिरी गेंद पर कप्तान असद वाला को अल्जारी जोसफ ने रोस्टन चेज के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 21(22) रन बनाए।
34 रन पर पापुआ न्यू गिनी ने गंवाए 3 विकेट
6 ओवर में 34 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद पापुआ न्यू गिनी की पारी को सीसी बाउ ने एक छोर से संभाला और टीम को हीरी हीरी के साथ मिलकर 8.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन इसके बाद अगली ही गेंद पर हीरी हीरी को गुणाकेश मोती ने कैच कराकर पवेलियन वापस भेजा। उन्होंने 2(6) रन बनाए।
बाउ ने संभाली पापुआ न्यू गिनी की लड़खड़ाती पारी
50 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद बाउ को दूसरे छोर पर चार्ल्स अमीनी का साथ मिला। बाउ ने एक छोर संभाला और टीम को 94 रन तक पहुंचाया लेकिन 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर अमीनी 12(14) बनाकर रसेल की गेंद पर निकोलस पूरन के हाथों लपके गए। इसके कुछ देर बाद 42 गेंद में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद साई बाउ भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 43 गेंद में 50 रन की पारी खेली।
98 रन पर गंवा दिए थे पापुआ न्यू गिनी ने 6 विकेट
98 रन पर पापुआ न्यू गिनी ने 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में विकेटकीपर बल्लेबाज किप्लिन डोरिगा ने एक छोर संभाला और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन तक पहुंचा दिया। डोरिगा 18 गेंद में 27 रन बनाकर नाबाद रहे। चैड सोपर 10(9) रन बनाकर रसेल की गेंद पर बोल्ड हुए। वहीं एली नाओ खाता खोले बगैर रन आउट हुए। कबुआ मोरिया 2(2) रन बनाकर नाबाद रहे।
खराब रही विंडीज की शुरुआत
जीत के लिए 137 रन के लक्ष्य की पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत भी खराब रही। ओपनर जॉनसन चार्ल्स दूसरे ओवर की पहली गेंद पर खाता खोले बगैर नाओ का शिकार बने। उन्हें नाओ ने एलबीडब्लू कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके।
पूरन और किंग ने संभाली पारी
पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद ब्रैंडन किंग और निकोलस पूरन ने पारी को संभाला और टीम को 5.3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में विंडीज की टीम एक विकेट पर 52 रन बना सकी। दूसरे विकेट के लिए इसके बाद पूरन और किंग ने 38 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। नौवें ओवर की पहली गेंद पर पूरन को करिको ने उरा के हाथों कैच कराकर विंडीज को दूसरा झटका दिया। पूरन ने 27(27) रन बनाए। पूरन के आउट होने के बाद जल्दी ही ब्रैंडन किंग भी पवेलियन लौट गए। उन्हें विरोधी टीम के कप्तान वाला ने कैच करा दिया। किंग ने 34(29) रन बनाए।
63 रन पर गंवा दिए थे विंडीज ने 3 विकेट
9.5 ओवर में वेस्टइंडीज की टीम ने 63 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में रोस्टन चेज ने एक छोर संभाला लेकिन कप्तान रोवमैन पॉवेल उनका ज्यादा देर साथ नहीं दे सके। पॉवेल 15 रन बनाकर सोपर की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उनके बाद शेरफेन रदरफोर्ट भी 2(7) रन बनाकर चलते बने।
चेज-रसेल ने दिलाई जीत
16 ओवर में 97 रन पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में विंडीज की टीम नजर आ रही थी। ऐसे में स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल मैदान पर आए तो मैच का मिजाज पूरी तरह बदल गया। रसेल को दूसरे छोर पर देखकर रोस्टन चेज ने आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने 27 गेंद में 42 रन की पारी खेलकर टीम को 19 ओवर में जीत दिला दी। रसेल 9 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
