क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (02 November, 2025): कल का मैच कौन जीता? IND W vs SA W, विमेंस वनडे विश्व कप 2025 फाइनल, दक्षिण अफ्रीका को मात देकर वर्ल्ड चैंपियन बना भारत, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

IND W vs SA W, Who Won Yesterday Women's ODI World Cup 2025 Final Match (कल का मैच कौन जीता?): हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में 52 रन के अंतर से मात देकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल और रोमांच।

India Women vs South Africa Women Kal ka Final Match Kaun Jeeta

भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम, कल का मैच कौन जीता

Who Won Yesterday Cricket Match (02 November , 2025)(कल का मैच कौन जीता): हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीक का महिला टीम को 52 रन के अंतर से मात देकर पहली बार विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन का स्कोर शेफाली वर्मा की 87(78), दीप्ति शर्मा की 58(58), स्मृति मंधाना की 45(58) और ऋचा घोष की 24 गेंद में 34 रन की पारियों की बदौलत हासिल कर लिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को 45.3 ओवर में 246 रन पर ढेर करके खिताब अपने नाम कर लिया। दीप्ति शर्मा ने 39 रन देकर 5 विकेट और शेफाली वर्मा ने 36 रन देकर 2 विकेट चटकाकर टीम इंडिया की खिताबी जीत सुनिश्चित की। ऐसा रहा खिताबी मुकाबले के पल पल का हाल।

दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस:

बारिश से प्रभावित विमेंस वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीकी टीम की कप्तान लौरा वॉलवर्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दोनों टीमों ने अपनी सेमीफाइनल की प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया।

टीम इंडिया की शानदार शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी करते हुए कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को 6.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। टीम इंडिया ने 10 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 64 रन तक पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाज यहीं नहीं रूकीं और 17.2 ओवर में 100 रन की साझेदारी भी 104 गेंद में पूरी कर ली। 100 रन की साझेदारी पूरी करने के दो गेंद बाद मंधाना को क्ले ट्रॉयोन ने शानदार गेंद पर विकेट के पीछे कैच करा दिया। मंधाना 45(58) रन बनाकर आउट हुईं। 104 के स्कोर पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा।

शेफाली वर्मा ने जड़ा शानदार अर्धशतक

मंधाना के आउट होने के बाद शेफाली का साथ देने सेमीफाइनल की स्टार जेमिमा रोड्रिग्ज आईं। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया। इसी दौरान शेफाली ने अपना अर्धशतक 49 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने मिलकर टीम को 24.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 166 तक ले गईं। तभी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शेफाली खाका की गेंद पर सुन लुस के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 87(78) रन की पारी खेली। शेफाली दुर्भाग्यशाली रहीं और फाइनल में शतक पूरा करने से 13 रन के अंतर से चूक गई। 166 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा।

दीप्ति और हरमन ने पहुंचाया 200 के पार

शेफाली के आउट होने के बाद जेमिमा को कप्तान हरमनप्रीत कौर का साथ मिला। लेकिन सेमीफाइनल की तरह दोनों के बीच बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी। जेमिमा खाका की गेंद पर वॉलवर्ट के हाथों कवर में लपकी गईं। जेमिमा 24(37) रन बना सकीं। जेमिमा के पवेलियन लौटने के बाद दीप्ति शर्मा कप्तान का साथ देने आईं। दोनों ने टीम को 200 रन के पार 35 ओवर में पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 223 रन तक ले गईं इसी स्कोर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर 20(29) मलाबा की गेंद पर बोल्ड हो गईं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं अमनजोत कौर भी ज्यादा देर पिच पर नहीं टिक सकीं और 12(14) रन बनाकर डी क्लार्क के हाथों फॉलो थ्रू में शानदार ढंग से लपकी गईं।

भारत ने बनाए 7 विकेट पर 298 रन

भारतीय टीम ने 245 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। टीम इंडिया ऐसे में दीप्ति शर्मा ने एक छोर संभाल लिया। दूसरे छोर पर उनका साथ देने ऋचा घोष आईं और उन्होंने तेजी से रन बनाने शुरू किए। दीप्ति और ऋचा स्कोर को 292 रन तक ले गईं। 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर घोष खाका की गेंद पर ड्रेक्सन के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 24(34) रन बनाए। इसी दौरान दीप्ति ने अपना अर्धशतक 53 गेंद में 2 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। अंतिम ओवर में भारतीय टीम केवल 6 रन बना सकी और अंतिम गेंद पर दीप्ति शर्मा 58(58) रन बनाकर रन आउट हो गईं। भारतीय टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बना सकी। द. अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने सबसे ज्यादा 3 विकेच चटकाए। वहीं एक-एक विकेट नानकुलुलेको मलाबा, नेर्डिन डी क्लार्क और क्लियो ट्रायोन के खाते में गया।

दक्षिण अफ्रीका की भी अच्छी रही शुरुआत

जीत के लिए 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को कप्तान लौरा वॉलवर्ट और तैजमिन ब्रिट्स ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। लेकिन 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर तैंजमिन ब्रिट्ज को अमनजोत कौर ने सटीक थ्रो पर रन आउट कर दिया और भारत को पहली सफलता दिलाई। 51 के स्कोर पर द. अफ्रीका को पहला झटका लगा।

18 ओवर में 100 रन के पार पहुंची द. अफ्रीकी टीम

ब्रिट्ज के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आई एनेके बॉश को श्रीचरणी ने एलबीडब्लू कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। बॉश 0(6) रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 62 के स्कोर पर द. अफ्रीका ने दूसरा विकेट गंवाया। इसक बाद कप्तान वॉलवर्ट को सुन लुस का साथ मिला। दोनों ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को 17.6 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इससे पहल वॉलवर्ट ने अपना अर्धशतक 45 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

शेफाली वर्मा ने तोड़ी साझेदारी

भारतीय टीम तीसरे विकेट की तलाश कर रही थी ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली वर्मा के हाथ में गेंद थमा दी। शेफाली ने कप्तान को निराश नहीं किया और दूसरी गेंद पर लुस का कैच फॉलो थ्रू में लपक लिया और तीसरा झटका द. अफ्रीका को दे दिया। लुस 25 रन बना सकी। इसके बाद शेफाली ने बल्लेबाजी करने आईं मारीजान काप को अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर विकेट के पीछे ऋचा घोष के हाथों कैच करा दिया। वो 4 रन बना सकी। 123 रन पर द. अफ्रीका ने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसी स्थिति में भी कप्तान लौरा वॉलवर्ट एक छोर संभाले रहीं। उन्हें थोड़ी देर विकेटकीपर सिनालो जाफ्ता का साथ मिला। दोनों स्कोर को 148 रन तक ले गए। इस साझेदारी को दीप्ति शर्मा ने तोड़ दिया। दीप्ति की गेंद पर राधा यादव ने उनका कैच लपका। जाफ्ता 16(29) रन बना सकीं।

148 रन पर द. अफ्रीका ने गंवाए 5 विकेट

148 के स्कोर पर द. अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। कप्तान वॉलवर्ट शतक की ओर बढ़ रही थीं। ऐसे में उन्हें ऐनी डेरेकसन का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को 38.5 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। 209 के स्कोर पर दीप्ति शर्मा ने ड्रेक्सन को शानदार यॉर्कर गेंद पर बोल्ड कर दिया। वो 35(37) रन बना सकीं। इसके बाद कप्तान वॉलवर्ट ने अपना लगातार दूसरा शतक 96 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। शतक पूरा करने के बाद वॉलवर्ट 42वें ओवर की पहली गेंद पर अमनजोत कौर के हाथों शानदार ढंग से लपकी गईं। 220 के स्कोर पर सातवां विकेट द. अफ्रीका ने गंवाया। इसके बाद चौथी गेंद पर क्लो ट्रायोन भी एलबीडब्लू हो गईं। उन्होंने 9(8) रन बनाए।

246 रन पर ढेर हुआ द. अफ्रीका, दीप्ति ने चटकाए 5 विकेट

इसके बाद 221 रन पर द. अफ्रीका ने 8 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद नार्डिन डी क्लार्क ने खाका के साथ मोर्चा संभाला। क्लार्क ने चौकों की झड़ी लगाई और स्कोर को 246 रन तक पहुंचाया। लेकिन 45वें ओवर की आखिरी गेंद पर खाका दीप्ति शर्मा के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गईं। उन्होंने 1(7) रन बनाए। इसके बाद नार्डिन डी क्लार्क को दीप्ति शर्मा ने हरमनप्रीक कौर के हाथों कैच कराकर टीम इंडिया को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब दिला दिया। दक्षिण अफ्रीकी टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर ढेर हो गई। डीक्लार्क ने 18(19) रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 39 रन देकर सबसे ज्यादा पांच विकेट अपने नाम किए। वहीं दो विकेट शेफाली वर्मा को मिले। एक विकेट श्रीचरिणी के खाते में गया। दो खिलाड़ी रन आउट हुए।

प्लेयर ऑफ द मैच:

शेफाली वर्मा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 87 रन की आतिशी पारी खेलने के साथ-साथ दो अहम विकेट भी चटकाए।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट:

दीप्ति शर्मा को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीराज चुना गया। दीप्ति ने 215 रन बनाने के अलावा सबसे ज्यादा 22 विकेट अपने नाम किए।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका लाइव स्कोर (IND Vs SA Live Score) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article