Who Won Yesterday Cricket Match (08 March, 2026)(कल का मैच कौन जीता): सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से मात देकर तीसरी बार टी20 विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन 89(46), अभिषेक शर्मा 52(21) और ईशान किशन 54(25) की आतिशी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 256 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई और उनका खिताब जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया। न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफर्ट ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43(35) रन की पारी खेली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं तीन विकेट अक्षर पटेल ने लिए और न्यूजीलैंड को विश्व विजय हासिल करने से रोक दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।
न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, किया गेंदबाजी का फैसला
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कीवी टीम एक बदलाव के साथ मुकाबले में उतरी है। वहीं भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। न्यूजीलैंड ने जैकब डफी को कोल मैक्कॉन्की की जगह प्लेइंग-11 में जगह दी है।
भारत ने धीमी शुरुआत के बाद मचाया धमाल
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी उतरी। दोनों ने सधे हुए अंदाज में शुरुआत की और 3 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 27 रन जोड़े। पिच पर पैर जमाने के बाद दोनों ने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया और टीम को चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर ही 50 रन के पार पहुंचा दिया। चौथे ओवर में दोनों ने फर्ग्युसन के ओवर में 24 रन बटोरे। अच्छी शुरुआत को दोनों बल्लेबाजों ने अच्छे से भुनाया और 6 ओवर में टीम को 92 रन तक बगैर किसी नुकसान के पहुंचा दिया। ये टी20 विश्व कप में पॉवरप्ले में किसी भी टीम द्वारा बनाया सबसे बड़ा स्कोर का नया रिकॉर्ड है। पॉवरप्ले में और कोई टीम इतने रन नहीं बना सकी थी।
अभिषेक ने जड़ा 18 गेंद में अर्धशतक
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद रनों की रफ्तार को संजू और अभिषेक ने कम नहीं होने दिया। अभिषेक ने अपने खराब फॉर्म से उबरते हुए 18 गेंद में टूर्नामेंट में अपना दूसरा अर्धशतक 6 चौके और 3 छक्के की बदौलत पूरा कर लिया और टीम को 100 रन के करीब ले गए। पिच पर पैर जमाने के बाद अभिषेक शर्मा 98 के स्कोर पर रचिन रवींद्र के स्पेल की पहली गेंद पर गच्चा खाकर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। 98 के स्कोर पर अभिषेक 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ईशान और संजू ने छुड़ाए कीवी गेंदबाजों के छक्के
अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसम का साथ देने ईशान किशन आए। दोनों ने टीम तो 7.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद सैमसन ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 33 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों ने रन गति को बनाए रखा और टीम को 11.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया।
15 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा भारत
अर्धशतक पूरा करने के बाद संजू सैमसन ने और तेजी से बल्लेबाजी शुरू कर दी। सैमसन का साथ उसी लय में दूसरे छोर से ईशान किशन दे रहे थे। 14 ओवर में ब्रेक तक भारत ने 191 रन एक विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। ईशान किशन ने इसके बाद अपना अर्धशतक 23 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 45 गेंद में पूरी कर ली। भारत ने 200 रन के आंकड़े को 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर कर लिया।
जिमी नीशम ने दिए एक ओवर में तीन झटके
16वें ओवर में भारतीय पारी लड़खड़ा गई। जिमी नीशम ने एक-एक करक तीन खिलाड़ियों को चलता कर दिया। ओवर की पहली गेंद पर सैमसन छक्का जड़ने की कोशिश में लपके गए। उन्होंने 89(46) रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 8 छक्के जड़े। सैमसन के आउट होने के चार गेंद बाद ईशान किशन 54(25) रन बनाकर चैपमैन के हाथों लपके गए। इसके बाद आखिरी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान सूर्यकुमार यादव पहली ही गेंद पर कैच दे बैठे और खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। नीशम ने एक रन देकर 3 विकेट चटकाए और भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।
शिवम दुबे ने पहुंचाया टीम को 250 रन के पार
इसके बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन हार्दिक 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर मैट हेनरी की गेंद पर कैच दे बैठे। पांड्या ने 18(13) रन बनाए। भारतीय टीम 15 से 19 ओवर के बीच चार ओवर में 28 रन बना सकी। ऐसे में 20वें ओवर में शिवम दुबे ने जिमी नीशम को आड़े हाथ लिया और ओवर में दो छक्के और पांच चौके जड़कर टीम इंडिया को 250 रन के पार पहुंचा दिया। भारतीय टीम दुबे की 8 गेंद में 26 रन की नाबाद पारी की बदौलत 255 रन का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर खड़ा करने में सफल हुई। तिलक वर्मा 8(6) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट जिमी नीशम ने लिए। वहीं एक विकेट मैट हेनरी और रचिन रवींद्र ने लिया।
न्यूजीलैंड ने की खराब शुरुआत, सस्ते में गंवाए 2 विकेट
जीत के लिए 256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। एक छोर टिम सीफर्ट ने संभाला लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते गए। सेमीफाइनल में शतक जड़ने वाले फिन ऐलन अर्शदीप की गेंद पर मिले जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। वो 9 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर तीसरे ओवर में लपके गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रचिन रवींद्र को चौथे ओवर की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर चलता कर दिया। रचिन 1(2) रन बना सके।
पॉवरप्ले में न्यूजीलैंड ने बनाए 52/3 रन
3.1 ओवर में 32 रन पर 2 विकेट गंवाकर न्यूजीलैंड की टीम बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसे में टिम सीफर्ट ने रनों की रफ्तार कम नहीं होने दी। लेकिन 47 के स्कोर पर ग्लेन फिलिप्स 5(5) को ग्लेन फिलिप्स ने बोल्ड करके तीसरा झटका दे दिया। 5.5 ओवर में न्यूजीलैंड ने 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया। पॉवरप्ले में न्यूजीलैंड की टीम 3 विकेट पर 52 रन बना सके।
अर्धशतक जड़कर आउट हुए सीफर्ट
तीन विकेट गंवाने के बाद टिम सीफर्ट को दूसरे छोर पर मार्च चैपमैन का साथ मिला। दोनों स्कोर को 70 रन तक ले गए। दोनों की साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। चैपमैन आठवें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 3(8) रन बनाए। इस दौरान सीफर्ट ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में 2 चौके और 5 छक्के जड़कर पूरा किया। लेकिन विकेटों की पतझड़ के बीच वो नौवें ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कैच दे बैठे। सीफर्ट ने 52(26) रन बनाए।
72 रन पर न्यूजीलैंड ने गंवा दिए थे 5 विकेट
72 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की हार तय नजर आ रही थी। ऐसे में कप्तान मिचेल सेंटनर और डेरिल मिचेल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों मिलकर टीम को 10.3 ओवर में 100 रन के पार ले जाने में सफल रहे और स्कोर को 124 रन तक ले गए। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ा। ईशान किशन ने उनका कैच लपका। डेरिल मिचेल 17(11) रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे।
159 रन पर ढेर हुई कीवी टीम, 96 रन से गंवाया मैच
डेरिल के आउट होने के बाद सेंटनर और नीशम ने पारी को आगे बढ़ाया। सेंटनर एक छोर थामे ख़े थे लेकिन बुमराह ने 16वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर जिमी नीशम और मैट हेनरी को बोल्ड कर दिया। इसके बाद सेंटनर को भी बुमराह ने अपने आखिरी ओवर में बोल्ड कर दिया। सेंटनर 43(35) रन बना सके। भारत के लिए आखिरी विकेट अभिषेक शर्मा ने जैकब डफी के रूप में लिया और न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत के लिए बुमराह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। 3 विकेट अक्षर पटेल के खाते में गए। एक-एक विकेट हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा के खाते में गया।
मैन ऑफ द मैच: जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह को फाइनल मुकाबले में उनकी कसी हुई गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट-संजू सैमसन
टी20 विश्व कप 2026 में 5 मैच खेलकर धमाल मचाने वाले टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 5 मैच की 5 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 321 रन 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। 97 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
