राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स कल का मैच कौन जीता
राजस्थान रॉयल्स को अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 181 रन के विजयी लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में एडेन मार्करम और आयुष बदोनी की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल द्वारा टीम को आतिशी शुरुआत देने के बाद भी जीत नहीं हासिल कर सकी। आवेश खान ने अंतिम ओवरों में अपनी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान को जीत नहीं दर्ज करने दी। अंतिम ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 9 रन बनाने थे लेकिन वो केवल 6 रन बना सकी और मुकाबला लखनऊ के पाले में चला गया। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल और अंतिम ओवरों का रोमांच।
किसने जीता टॉस:
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
राजस्थान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल मार्श को जोफ्रा आर्चर ने हेटमायर के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। उन्होंने 4(6) रन बनाए। मार्श के आउट होने के बाद बल्लेबाज करने आए निकोलस पूरन भी अपने फॉर्म को जारी नहीं रख सके। छठे ओवर की दूसरी गेंद पर वो 11(8) संदीप शर्मा की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। हालांकि तब तक एक छोर थामे खड़े एडेन मार्करम की पारी की बदौलत लखनऊ ने 46 रन बना लिए थे। 46 रन पर लखनऊ को दूसरा झटका लगा। पॉवरप्ले के अंत में लखनऊ का यही स्कोर रहा।
54 रन पर लखनऊ ने गंवाए तीन विकेट
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने पारी को आगे बढ़ाया। लखनऊ ने 6.4 ओवर में पचास पन पूरे कर लिए। इसके बाद पंत को 54 के स्कोर पर पर वनिंदु हसरंगा ने विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल के हाथों कैच करा दिया। पंत 3 रन बना सके।
तीन विकेट 54 रन पर गंवाने के बाद मुश्किल में दिख रही लखनऊ की पारी को एडेन मार्करम और आयुष बदोनी ने आगे बढ़ाया। इसी दौरान मार्करम ने अपना अर्धशतक 31 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद लखनऊ ने 11.3 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 26 गेंद में पूरी कर ली। साझेदारी में मार्करम ने 26 और बदोनी ने 24 रन का योगदान दिया।
पिच पर पैर जमा चुके मार्करम 130 के स्कोर पर हसरंगा की गेंद पर रियान पराग के हाथों लपके गए। उन्होंने 66(45) रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। मार्करम के आउट होने के बाद बदोनी ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन वो अपनी पारी को और बड़ा नहीं कर सके। 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर बदोनी को तुषार देशपांडे ने शुभम दुबे के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। बदोनी 50(34) रन बना सके।
बदोनी के आउट होने के बाद राजस्थान को डेविड मिलर और अब्दुल समद ने 150 रन के पार 18.3 ओवर में पहुंचाया। अंतिम ओवर में अब्दुल समद ने संदीप शर्मा की जमकर धुनाई करते हुए उनके ओवर में चार छक्के जड़ दिए और कुल 27 रन 6 गेंद में मिलर के साथ मिलकर बटोर लिए। ऐसे में लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। समद 10 गेंद में 30 और डेविड मिलर 7(8) रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट वनिंदु हसरंगा ने लिए। एक-एक सफलता जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे को मिली। जीत के लिए राजस्थान को 181 रन का लक्ष्य मिला।
राजस्थान रॉयल्स को अपना पहला मैच खेल रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और अनुभवी यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दी। वैभव ने तो अपना खाता छक्के के साथ खोला। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 4.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। 27 गेंद की इस अर्धशतकीय साझेदारी में वैभव ने 21 और जायसवाल ने 33 रन का योगदान दिया। दोनों ने पॉवरप्ले के अंत में टीम को 61 रन तक बगैर किसी नुकसान के पहुंचा दिया था। इसके बाद वो तेजी से बल्लेबाजी करते रहे। इस साझेदारी को नौवें ओवर की चौथी गेंद पर मार्करम ने तोड़ा। पिच पर पैर जमाने के बाद वैभव सूर्यवंशी मार्करम की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। उन्होंने 34(20) रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और तीन छक्के जड़े। 85 के स्कोर पर राजस्थान को पहला झटका लगा।
वैभव के आउट होने के बाद नीतीश राणा यशस्वी का साथ देने आए। दोनों की साझेदारी ज्यादा देर नहीं चल सकी। नीतीश 8(7) रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर आवेश के हाथों लपके गए। 94 के स्कोर पर राजस्थान को दूसरा झटका लगा। इसके बाद जायसवाल ने अपना अर्धशतक 31 गेंद में 3 चौके और चार छक्के की मदद से पूरा किया। यशस्वी और कार्यवाहक कप्तान रियान पराग ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 11.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया।
पराग और यशस्वी ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 34 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 16.1 ओवर में 150 रन के पार भी पहुंचा दिया। लेकिन 18वें ओवर में आवेश खान ने मैच का रुख यशस्वी और पराग दोनों को आउट करके पलट दिया। यशस्वी 74(52) रन बनाकर आवेश की गेंद पर बोल्ड हो गए। वहीं पराग एलबीडब्लू हो गए। ऐसे में 161 रन पर 4 विकेट गंवाकर राजस्थान की टीम मुश्किल में नजर आने लगी।
अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए राजस्थान को 20 रन बनाने थे। 19वें ओवर में जुरेल ओर हेटमायर ने 11 रन बटोरे और राजस्थान को जीत के करीब ले गए। अंतिम 6 गेंद नें राजस्थान को 9 रन जीत के लिए बनाने थे। हेटमायर और जुरेल पिच प टिके थे। ऐसे में आवेश खान ने सटीक गेंदबाजी करते हुए तीसरी गेंद पर हेटमायर को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच करा दिया और राजस्थान को पांचवां झटका दिया। अंतिम तीन गेंद में जीत के लिए राजस्थाम को 6 रन बनाने थे। लेकिन आवेश ने केवल 3 रन दिए और अपनी टीम को 2 रन से यादगार जीत दिला दी। राजस्थान 20 ओवर में 5 विकेट पर 178 रन बना सका और हारी बाजी गंवा दी। आवेश खान लखनऊ के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा 1-1 विकेट शार्दुल ठाकुर और एडेन मार्करम के खाते में गया।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Sports News) पढ़ें हिंदी में और देखें TATA IPL Auction (आईपीएल 2026 ऑक्शन) की हर छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Cricket News in Hindi) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।