India vs England, Kaun Hai Akash Deep: इंग्लैंड के खिलाफ बचे तीन टेस्ट मुकाबले के लिए बीसीसीआई ने शनिवार को टीम का ऐलान कर दिया। टीम में एक नए खिलाड़ी की एंट्री हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ बचे तीन टेस्ट मैचों में आकाश दीप की टीम इंडिया एंट्री हुई है। उनको डेब्यू करने का मौका भी मिल सकता है, क्योंकि उनका घरेलू क्रिकेट में तगड़ा रिकॉर्ड है। आइए जानते हैं कि आकाश दीप का घरेलू क्रिकेट में कैसा रिकॉर्ड है।
फर्स्ट क्लास में चटका चुके हैं 100 विकेट
विराट कोहली के चहीते गेंदबाज आकाश दीप का घेरलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड है। 27 साल के आकाश दीप घरेलू क्रिकेट बंगाल टीम की ओर से खेलते हैं। उन्होंने 29 टेस्ट मैचों में 3.04 की इकोनॉमी से कुल 103 विकेट चटकाए हैं, जबकि उन्होंने 28 लिस्ट-ए में 4.82 की इकोनॉमी से 42 विकेट और 41 टी20 मैचों में 7.52 की इकोनॉमी से 48 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा उन्होंने फर्स्ट क्लास में 418 रन, लिस्ट-ए में 140 रन और टी20 में 76 रन बनाए हैं।
IPL में RCB से खेलते हैं आकाश
गेंदबाजी ऑलराउंडर आकाश दीप फटाफट क्रिकेट यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) की ओर से खेलते हैं। आकाश को आईपीएल में 2022 में खेलने का मौका मिला। वे अभी तक आईपीएल में कुल 7 मैच खेले हैं, जिसमें वे 6 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। आकाश को 2022 में 5 मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने 5 विकेट चटकाए। इसी तरह 2023 में उनको सिर्फ दो मैच खेलने का मौका मिला और उस दौरान वे एक विकेट चटकाने में सफल रहे थे।
