क्रिकेट

Womens World Cup 2025: कब निकलेगी वर्ल्ड कप चैंपियंस की 'विक्ट्री परेड', BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया बड़ा अपडेट

Indian Women Cricket Team Victory Parade: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक महिला टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जश्न मनाने के लिए 'विक्ट्री परेड' की योजना को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया है।

Image

हरमनप्रीत कौर (फोटो- BCCI)

Indian Women Cricket Team Victory Parade: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत के जश्न को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के स्वागत के लिए होने वाली 'विक्ट्री परेड' की योजना को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया है। यह जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी। उन्होंने बताया कि जश्न की तारीख वरिष्ठ अधिकारियों के दुबई में होने वाली आईसीसी बैठक से लौटने के बाद ही तय की जाएगी।

ICC बैठक के कारण टला भव्य स्वागत

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आईएएनएस को बताया कि 'विक्ट्री परेड' को अभी तक हरी झंडी नहीं मिली है। उन्होंने कहा, "अभी तक 'विक्ट्री परेड' जैसी कोई ठोस योजना नहीं है। मैं आईसीसी बैठक में हिस्सा लेने के लिए दुबई जा रहा हूं। कई अधिकारी भी वहां जा रहे हैं, इसलिए लौटने के बाद हम उसी के अनुसार योजना बनाएंगे और तारीख तय करेंगे।" यह बैठक 4 से 7 नवंबर तक दुबई में होनी है।

भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का विवरण

गौरतलब है कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से करारी शिकस्त देकर अपना पहला विश्व कप खिताब जीता। फाइनल में भारत ने शैफाली वर्मा (87), दीप्ति शर्मा (58) और स्मृति मंधाना (45) की शानदार पारियों की बदौलत 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए थे। जवाब में, साउथ अफ्रीकी टीम 45.3 ओवरों में सिर्फ 246 रन पर ही सिमट गई थी।

एशिया कप ट्रॉफी वापसी की मांग: BCCI उठाएगा मुद्दा

विक्ट्री परेड की योजना के साथ ही, बीसीसीआई एक और महत्वपूर्ण मुद्दा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के समक्ष उठाने जा रहा है। सैकिया ने पुष्टि की कि बोर्ड एशिया कप ट्रॉफी की वापसी का मामला आईसीसी के समक्ष उठाएगा।

उन्होंने कहा, "हम एशिया कप ट्रॉफी का मामला आईसीसी के समक्ष उठाएंगे। उम्मीद है कि हमें अपनी ट्रॉफी उस सम्मान और प्रतिष्ठा के साथ वापस मिलेगी जिसकी वह हकदार है।"

आखिर क्या था एशिया कप ट्रॉफी विवाद?

यह विवाद तब उत्पन्न हुआ था जब भारत ने एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया था। जीत के बाद, भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी (जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड - पीसीबी के अध्यक्ष भी हैं) के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। कुछ देर इंतजार के बाद, अधिकारी ट्रॉफी को वापस अपने साथ ले गए थे, जिसके कारण भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के बगैर ही जीत का जश्न मनाया था। बीसीसीआई अब इस मामले को आईसीसी में उठाकर अपनी ट्रॉफी वापस पाने की मांग करेगा।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article