क्रिकेट

NEP vs WI Highlights: हारकर भी 2-1 से सीरीज जीत गई नेपाल, क्लीन स्वीप की शर्मिंदगी से बच गई दो बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज

NEP vs WI Highlights: सीरीज गंवाने के बाद आखिरकार वेस्टइंडीज ने अपनी गलती में सुधार कर तीसरे टी20 मुकाबले में नेपाल को हरा दिया। वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। हालांकि, आखिरी मुकाबला गंवाने वाली नेपाल ने 3 मैच की टी20 सीरीज अपने नाम कर ली।

Image

नेपाल बनाम वेस्टइंडीज (साभार-X)

NEP vs WI Highlights: दो मैच गंवाने के बाद आखिरकार वेस्टइंडीज ने नेपाल को हराकर क्लीन स्वीप की शर्मिंदगी से खुद को बचा लिया। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में उसने नेपाल को 10 विकेट से रौंद दिया। वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 123 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने बिना किसी विकेट के 12.2 ओवर में हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज के लिए अमीर जंगू ने 74 और अकीम अगस्ते ने 41 रन की नाबाद पारी खेली।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 122 रन बनाए। नेपाल की ओर से एक बार फिर कुसल भुर्तेल ने सर्वाधिक 39 रन की पारी खेली। भुर्तेल के अलावा कोई भी बल्लेबाज वेस्टइंडीज के गेंदबाज के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया। नतीजा नेपाल के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। वेस्टइंडीज की ओर से रेमंड सिमंड्स ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। नेपाल को भले ही आखिरी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उसने 3 मैच की टी20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर इतिहास रच दिया।

2-1 से सीरीज किया अपने नाम

आखिरी मुकाबला हारकर भी नेपाल ने रोहित पौडेल की कप्तानी में 3 मैच की टी20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। यह पहला मौका है जब नेपाल ने फुल मेंबर टीम के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में कोई सीरीज जीता है। पहले मुकाबले में नेपाल ने वेस्टइंडीज को 19 रन से हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 90 रन से धूल चटाकर 3 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article