Washington Sunder: भारत के स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में अपनी फिरकी से कहर बरपाकर मेजबान टीम को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका अदा की। दोनों टीमें इस मैच की पहली पारी में 387 -387 रन बना सकीं। बगैर किसी बढ़त के दूसरी पारी में खेलने उतरी इंग्लिश टीम के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने की चुनौती थी। लेकिन मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, आकाशदीप ने इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर को नई गेंद से धराशाई कर दिया। लेकिन गेंद को पुरानी होने के बाद गेंदबाजी करने आए वॉशिंगटन सुंदर ने फिरकी का जादू दिखाया और जो रूट, बेन स्टोक्स और जैमी स्मिथ जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेजकर टीम इंडिया की जीत की संभावनाओं को प्रबल कर दिया।
भारतीय गेंदबाज का लॉर्ड्स में 51 साल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
सुंदर ने 12.1 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। चारों विकेट सुंदर ने अंग्रेज बल्लेबाजों को बोल्ड करके हासिल किए। इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 192 रन बनाकर ढेर हो गई। पारी का आखिरी विकेट सुंदर ने शोएब बशीर के रूप में हासिल किया। सुंदर का ये प्रदर्शन लॉर्ड्स में किसी भी भारतीय गेंदबाज का पिछले 51 साल में सर्वश्रेष्ठ है। साल 1974 में बिशन सिंह बेदी ने यहां 226 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
लॉर्ड्स में भारतीय गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
वॉशिंगटन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। बिशन सिंह बेदी(6/226), भागवत चंद्रशेखर(5/127), वीनू मांकड(5/196) के बाद सुंदर चौथे पायदान पर (22/4) हैं। उन्होंने एस वेंकटराघवन का 52 रन पर 4 विकेट का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
पूरा किया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेट का शतक
22 रन देकर 4 विकेट अपने नाम करके वॉशिंगटन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। उनके खाते में 102 विकेट हो गए हैं। सुंदर ने अबतक खेले 11 टेस्ट में 30 , 23 वनडे में 24 और 54 टी20आई मैच में 48 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट के आंकड़े को छूने के लिए 88 मैच की 92 पारी में गेंदबाजी करनी पड़ी।
डबल धमाल करने वाले 23वें भारतीय
वॉशिंगटन सुंदर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100+ विकेट और 1000+ रन पूरे करने वाले 23वें भारतीय बन गए हैं। सुंदर के खाते मेंअंतरराष्ट्रीय क्रिकेट 102 विकेट के साथ 1067 रन भी दर्ज हो गए हैं। उन्होंने 11 टेस्ट की 19 पारी में 545, 23 वनडे की 15 पारी में 329, 54 टी20 की 22 पारी में 193 रन बनाए हैं।
