क्रिकेट

कोहली के साथी और पूर्व पंजाब किंग्स के खिलाड़ी का 36 साल की उम्र में निधन, युवराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि

क्रिकेट जगत पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज और किंग्स XI पंजाब के खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर शोक की लहर दौड़ गई। उनका 36 साल की उम्र में निधन हुआ। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। गिल ने पंजाब की सीनियर चयन समिति में भी अपनी सेवाएं दी थीं। खेल में उनके योगदान और उनकी मौजूदगी को बहुत शिद्दत से याद किया जा रहा है। उनकी मृत्यु का कारण अभी तक सामने नहीं आया है।

Image

अमनप्रीत गिल का निधन।

भारतीय क्रिकेट के लिए बुधवार, 6 मई को एक दुखद खबर आई। पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज और किंग्स XI पंजाब के खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह गिल का 36 साल की उम्र में निधन हो गया। इसके चलते भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई। अमनप्रीत सिंह गिल ने पंजाब टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेला था और उन्हें एक जोशीले और समर्पित तेज गेंदबाज के तौर पर जाना जाता था। अमनप्रीत के निधन पर युवराज सिंह ने श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने 2007 में श्रीलंका में हुई अंडर-19 ट्राई-सीरीज़ में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था, जहां वे विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ खेले थे। उस टूर्नामेंट के दौरान, अमनप्रीत ने पांच मैचों में 9 विकेट लिए थे और बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में एक मैच-जिताऊ प्रदर्शन करते हुए अहम भूमिका निभाई थी।

युवराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि

उनके निधन की खबर मिलने के बाद, भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने एक्स हैंडल पर श्रद्धांजलि देते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद किया। युवराज ने लिखा, अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। हमने अपने शुरुआती दिनों में ड्रेसिंग रूम साझा किया था। वह एक शांत, मेहनती क्रिकेटर थे जिन्हें खेल से बहुत प्यार था। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।

Yuvraj Singh.

युवराज सिंह का पोस्ट

चंडीगढ़ में हुआ था जन्म

वहीं, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। सितंबर 1989 में चंडीगढ़ में जन्मे अमनप्रीत ने घरेलू क्रिकेट के ज़रिए अपनी पहचान बनाई और बाद में इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के साथ भी खेले। खेल से संन्यास लेने के बाद भी वे इस खेल से जुड़े रहे। उन्होंने पंजाब की सीनियर चयन समिति में काम किया और राज्य के युवा क्रिकेटरों के विकास में अहम योगदान दिया। उनके निधन का कारण अभी तक सामने नहीं आया है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!