क्रिकेट

ब्लैकमेल और धमकी से परेशान आईपीएल स्टार ने फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज कराई एफआईआर

दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले ऑलराउंडर विप्रज निगम ने बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली थाने में ब्लैकमेलिंग और इंटरनेशनल कॉल से परेशान होने के बाद एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।

Image

विप्रज निगम (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

बाराबंकी: आईपीएल सीजन 2024-25 में अपने शानदार खेल से सुर्खियां बटोरने वाले होनहार क्रिकेटर विप्रज निगम ब्लैकमेलिंग और इंटरनेशनल कॉल से आ रही धमकियों के चलते परेशान हैं। विप्रज ने शहर के कोतवाली थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मूल रूप से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भटखेड़ा वार्ड निवासी और दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर विप्रज निगम ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर एक युवती पर ब्लैकमेल और बदनाम करने का आरोप लगाया है।

युवती कर रही है फोन पर ब्लैकमेल

विप्रज ने पुलिस को बताया कि युवती द्वारा फोन पर अनुचित डिमांड की जा रही थी, और डिमांड पूरी न होने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। विप्रज के अनुसार युवती का नंबर ब्लॉक करने के बाद उन्हें लगातार इंटरनेशनल कॉल्स के जरिए धमकियां मिल रही हैं और उन्हें और उनके परिवार को सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की चेतावनी दी जा रही है।

करियर को नुकसान पहुंचाने की है ये साजिश

खिलाड़ी ने कहा कि ये सब उनके करियर को नुकसान पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश है। रविवार की दोपहर क्रिकेटर विप्रज नगर कोतवाली पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और कॉल डिटेल्स तथा डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है।

दिल्ली कैपिटल्स के हैं आईपीएल में सदस्य

विप्रज निगम एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए उनका प्रदर्शन आईपीएल 2025 में शानदार रहा था। 14 मैचों में 142 रन बनाने के अलावा विप्रज ने 11 विकेट भी लिए थे। निगम की निचले क्रम में आकर खेली गई विस्फोटक पारियों ने फैंस को रोमांचित किया था। क्रिकेट की दुनिया में तेजी से उभरता यह सितारा अब एक नए विवाद में फंस गया है।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article