क्रिकेट

EXPLAINED: टी20 विश्व कप 2026 में नहीं होगी भारत-पाकिस्तान के बीच भिड़ंत! मिल गए संकेत

टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत नहीं होने के संकेत आईसीसी द्वारा बुधवार को जारी किए गए अंडर-19 विश्व कप 2026 के जारी हुए शेड्यूल से संकेत हैं। समझिये क्या है पूरा मामला।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान

Photo : AP

दुबई: भारत और पाकिस्तान के बीच खराब राजनीतिक संबंधों का असर अब क्रिकेट के मैदान पर दिखने लगा है। आईसीसी ने बुधवार को जिंबाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 15 जनवरी से 6 फरवरी, 2026 के बीच आयोजित होने वाले अंडर-19 विश्व कप 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। कई साल बाद भारत और पाकिस्तान की टीमों को आईसीसी इवेंट में एक ग्रुप में नहीं रखा गया। इसका सीधा सा मतलब है कि दोनों टीमों के बीच ग्रुप दौर में कोई मुकाबला नहीं होगा। टूर्नामेंट की मार्केटिंग और व्यवसाय के लिहाज से यह एक बड़ा झटका है।आईसीसी ने यह निर्णय दोनों देशों के बीच मौजूदा संबंधों को ध्यान में रखकर लिया है। टीम इंडिया को अंडर-19 विश्व कप के ग्रुप ए में बांग्लादेश, अमेरिका और न्यूजीलैंड के साथ जगह मिली है। वहीं पाकिस्तान को मेजबान जिम्बाब्वे, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के साथ ग्रुप बी में रखा गया है।

टी20 विश्व कप 2026 में नहीं होगा भारत-पाक महा मुकाबला!

अंडर-19 विश्व कप में भारत पाकिस्तान को अलग ग्रुप में नहीं रखने का यह मतलब निकाला जा सकता है कि अगले साल भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप 2026 में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है और कई साल बाद आईसीसी इवेंट में भारत पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच कोई मुकाबला नहीं होगा। जो पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ा झटका है। इसका सीधा असर तंगहाली का सामना कर रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर पड़ेगा।

बीसीसीआई ने की थी ये मांग

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों की सीमाएं आमने-सामने नजर आईं। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें पाकिस्तानी सेना को भी बड़ा नुकसान हुआ। दोनों देशों के हर तरह के संबंधों के निचले स्तर पर आने के बाद रिपोर्ट आईं कि बीसीसीआई ने आईसीसी से अनुरोध किया है कि पाकिस्तान के साथ आईसीसी इवेंट्स में एक ग्रुप में रखने की नीति को अब बंद कर दे। बीसीसीआई का अनुरोध अब मूर्त रूप लेने लगा है। इसकी झलक अंडर-19 विश्व कप के शेड्यूल में दिखाई दे रही है। अगर ये सिलसिला आगे भी जारी रहा तो पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह किसी भी सूरत में अच्छे संकेत नहीं दे रहा है।

एशिया कप ट्रॉफी विवाद से बिगड़े हालात

सितंबर में दुबई में आयोजित एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच तीन बार भिड़ंत हुई। टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से टॉस के दौरान और मैच के बाद हाथ मिलाने से इनकार किया। खिताबी जीत के बाद टीम इंडिया ने पीसीबी अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया। इसके बाद एसीसी के मुखिया नक़वी ने बेशर्मी का नया नमूना पेश किया। नक़वी विनर्स मेडल और ट्रॉफी अपने साथ ले गए जो अबतक टीम इंडिया को नहीं मिल सके हैं। इसके बाद भारतीय महिला टीम ने भी पुरुषों की नो हैंडशेक वाली नीति कोलंबो में विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान जारी रखी। ट्रॉफी विवाद ने पहले से बिगड़े हालात और खराब कर दिया। ऐसे में बीसीसीआई ने हर स्तर पर नो हैंडशेक वाली नीति को जारी रखने का फैसला कर लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article