क्रिकेट

वेस्टइंडीज क्रिकेट का सबसे शर्मनाक दिन, नहीं कर पाई विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफाई

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 1, 2023, 08:49 PM IST

दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट से करारी हार के बाद विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही है।

Image

वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड (साभार ICC World Cup)

Photo : Twitter

हरारे: वनडे क्रिकेट में दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के इतिहास में शनिवार का दिन सबसे शर्मनाक दिन बन गया। वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट के सुपर सिंक्स के मुकाबले में कैरेबियाई टीम की स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा इसके साथ ही उसका विश्व कप में लगातार 13वीं बार शिरकत करने का सपना चकनाचूर हो गया।

पहली बार वनडे विश्व कप के मुख्य दौर में नहीं पहुंचा वेस्टइंडीज

पहली बार वेस्टइंडीज की टीम वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही है। चार साल पहले भी वेस्टइंडीज को क्वालीफायर टूर्नामेंट में शिरकत करनी पड़ी थी लेकिन वो विश्व कप का टिकट हासिल करने में सफल रही थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका और शाई होप की कप्तानी में टीम के ऊपर बदनुमा दाग लग गया।

181 रन बनाकर हुई ढेर, होल्डर-शेफर्ड ने बचाई लाज

इस अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.5 ओवर में 181 रन बनाकर ढेर हो गई। पूर्व कप्तान जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा 45 रन की पारी खेली। वहीं रोमारियो शेफर्ड ने 36 रन बनाए। 81 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज को 181 रन के स्कोर तक पहुंचाने में होल्डर और शेफर्ड के बीच सातवें विकेट के लिए हुई 96 गेंद में 77 रन की साझेदारी की अहम भूमिका रही। स्कॉटलैंड की ओर से ब्रेंडन मैकमुलेन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। वहीं क्रिस सोल, मार्क वाट और क्रिस ग्रीव्स के खाते में 2-2 विकेट आए। एक सफलता सैफयान शरीफ को मिली।

खराब शुरुआत के बाद स्कॉटलैंड ने हासिल की जीत

इसके बाद जीत के लिए 182 रन के लक्ष्य का बचाव करने में कैरेबियाई टीम नाकाम रही। पहली ही गेंद पर क्रिस्टोफर मैक्ब्राइड का विकेट गंवाने के बाद स्कॉटलैंड की टीम दबाव में नजर आ रही थी। लेकिन दूसरे विकेट के लिए मैथ्यू क्रॉस और ब्रैंडन मैकमुलेन ने 125 रन की शतकीय साझेदारी करके वेस्टइंडीज की विदाई तय कर दी। अंत में 43.3 ओवर में स्कॉटलैंड ने विजयी लक्ष्य 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। मैथ्यू क्रॉस ने नाबाद 74 और मैकमुलेन ने 69 रन का पारी खेली। वहीं 18 रन जॉर्ज मुंसे और 13 रन कप्तान रिची बैरिंग्टन ने बनाए।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article