क्रिकेट

तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टैन वावरिंका हुए रिटायर, आखिरी मैच में हार के बाद हुए भावुक

Stan Wawrinka Retires: स्विट्जरलैंड के महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर के बाद अब डबल्स में उनके साथ रहे तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टैन वावरिंका भी रिटायर हो गए हैं। दुखद बात बस इतनी रही कि करियर के अंतिम मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

Image

स्टैन वावरिंका ने टेनिस को अलविदा कहा

Photo : AP

Stan Wawrinka Retires: स्टेन वावरिंका का शानदार टेनिस करियर मंगलवार को बेसल में उनके घरेलू टूर्नामेंट के साथ खत्म हो गया। तीन बार के ग्रैंड स्लैम विजेता वावरिंका को स्विस इंडोर्स के पहले दौर में आठवीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका ने 7-5, 7-6 (2) से हरा दिया। एक पेशेवर टेनिस खिलाड़ी के रूप में वावरिंका का आखिरी शॉट एक बैकहैंड था, जो कोर्ट के बाहर जाकर गिरा। इसे देखकर वहां मौजूद घरेलू दर्शक काफी निराश हुए।

2002 में पेशेवर खिलाड़ी बने वावरिंका ने पिछले दिसंबर में घोषणा की थी कि 2026 टूर पर उनका आखिरी साल होगा। अपने विदाई सीजन के दौरान उन्हें हर जगह शानदार विदाई मिली। अपने आखिरी मैच से पहले एटीपी टूर की वेबसाइट से बात करते हुए वावरिंका ने कहा, "अपने करियर में मैं बस अपना सब कुछ झोंक देना चाहता था, ताकि कोई पछतावा न रहे। मैं हमेशा लड़ना चाहता था और हर मैच में अपना 100% देना चाहता था - खुद के लिए, अपने प्रतिद्वंद्वी के लिए, टूर्नामेंट के लिए, प्रशंसकों के लिए और हर किसी के लिए।"

भावुक वावरिंका ने कहा, "20 साल से भी ज्यादा समय तक मेरे लिए यही सबसे अहम बात रही है। और खेल से विदा लेने का यही एकमात्र तरीका है: बिना किसी पछतावे के।" वावरिंका ने अपने तीनों ग्रैंड स्लैम खिताब उस समय के दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी को फाइनल में हराकर जीते थे। उन्होंने 2014 ऑस्ट्रेलियन ओपन में राफेल नडाल को हराया, जबकि 2015 फ्रेंच ओपन और उसके अगले साल यूएस ओपन में नोवाक जोकोविच को मात दी।

2014 में दुनिया के नंबर 3 खिलाड़ी के रूप में अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग तक पहुंचने वाले वावरिंका ने टूर-लेवल पर कुल 16 खिताब जीते।उन्होंने 2008 बीजिंग ओलंपिक में स्विट्जरलैंड की टीम की ओर से रोजर फेडरर के साथ मिलकर डबल्स का खिताब जीता था। इन दोनों की जोड़ी ने 2014 में स्विट्जरलैंड को उसका पहला डेविस कप खिताब जिताने में भी मदद की थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article