आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 का शेड्यूल आ गया है, लेकिन इससे पहले टीम इंडिया पहले वेस्टइंडीज के दौरे पर जाएगी और उसके फौरन बाद आयरलैंड के दौरे पर 3 मैच की टी20 सीरीज का कार्यक्रम है। इस दौरे की घोषणा आयरलैंड क्रिकेट द्वारा कर दी गई है। पहले कहा जा रहा था कि व्यस्तता को देखते हुए इसे रद्द किया जा सकता है। लेकिन मंगलवार को आयरलैंड क्रिकेट ने इस दौरे पर मुहर लगा दी है।
3 मैच की टी20 सीरीज
भारतीय टीम आयरलैंड के इस दौरे पर 3 मैच की टी20 सीरीज खेलेगी, जो 18 अगस्त से 23 अगस्त के बीच खेली जाएगी। यह सीरीज वेस्टइंडीज दौरे के फौरन बाद खेली जाएगी। आपको बता दें कि टीम इंडिया जुलाई में वेस्टइंडीज का दौरा करेगी, जहां 2 टेस्ट मैच, 3 वनडे मैच और 5 टी20 मैच की सीरीज खेली जाएगी। इस लिहाज से देखा जाए तो टीम इंडिया अगस्त में 8 टी20 मैच खेलेगी। ये सभी मैच मालहाइड में खेले जाएंगे।
टीम इंडिया के आयरलैंड दौरे का शेड्यूल
पहला T20I मैच- 18 अगस्त
दूसरा T20I मैच- 20 अगस्त
तीसरा T20I मैच- 23 अगस्त ( ये सभी मैच भारतीय समयनुसार शाम 3 बजे खेले जाएंगे।)
आयरलैंड क्रिकेट की प्रतिक्रिया
हम भारत का दोबारा आयरलैंड आने पर उनका तहे दिन से स्वागत करते हैं। हमने साल 2022 में 2 मैचों की सीरीज खेली थी, जिसकी सभी टिकटें बिक गई थी। इस बार मैचों की संख्या 3 है जो फैंस के लिए और भी आनंददायक होगा। हम बीसीसीआई को व्यस्त कार्यक्रम रहने के बावजूद इस दौरे को फैंस के अनुरूप करने के लिए धन्यवाद देते हैं। इस दौरे पर खेले जाने वाले 3 मैच में से 2 मैच क्रमश: शुक्रवार और रविवार को खेले जाएंगे। हमें उम्मीद है कि फैंस ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएंगे।
इस दौरे पर सीनियर्स करेंगे आराम
वेस्टइंडीज दौरे के फौरन बाद आयरलैंड का दौरा होगा। उसके बाद टीम इंडिया को 31 अगस्त से एशिया कप खेलना है। ऐसे में इस दौरे पर सीनियर्स खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है और एक युवा टीम इस दौरे पर जाएगी।
