क्रिकेट

IND vs WI 2nd Test: दिल्ली में विंडीज के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने मचाया धमाल, बैटिंग कोच ने पढ़े तारीफ में कसीदे

भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने वेस्टइंडीज में खेले जा रहे विंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल के बाद शतकवीर यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

यशस्वी जायसवाल

Photo : AP

नई दिल्ली: भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शुक्रवार को यशस्वी जायसवाल की नाबाद 173 रन की शानदार पारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ता और संयमित बल्लेबाजी सबसे ज्यादा प्रभावित किया। दूसरे टेस्ट के पहले दिन जायसवाल ने 262 गेंदों में 22 चौकों की मदद से यह पारी खेली और बिना ज्यादा आक्रामक हुए दिन की शुरुआत से अंत तक पूरी तरह नियंत्रण में दिखे। कोटक से जब पूछा गया कि उनकी नजर में सबसे खास क्या रहा तो उन्होंने कहा, 'जिस तरह से उन्होंने पारी को आगे बढाई वह शानदार था। उन्होंने खुद को पिच हिसाब से ढाल लिया, गेंद की उछाल और गति को देखते हुए उन्होंने जो शॉट्स चुने, वे बेहतरीन थे।'

अहमदाबाद में सस्ते में आउट होकर निराश थे जायसवाल

सौराष्ट्र के इस बायें हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि जायसवाल अहमदाबाद टेस्ट में 36 रन पर आउट होने के बाद थोड़ा निराश थे और इस बार बड़ा स्कोर बनाने के लिए बेहद संकल्पबद्ध थे। उन्होंने कहा,'मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि वो बड़ी पारी को लेकर कितने दृढ़ निश्चयी थे।' कोटक इस बात से सबसे ज्यादा प्रभावित दिखे कि जायसवाल ने जरूरत से ज्यादा आक्रामक हुए बिना सही शॉट्स का चुनाव करके गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने कहा,'यह उनकी दृढ़ता और आत्मविश्वास का ही नतीजा है कि बिना बहुत आक्रामक हुए भी वो 173 रन बनाकर नाबाद हैं। यह दिखाता है कि उन्होंने कितनी संतुलित और परिपक्व बल्लेबाजी की है।ऐसे खिलाड़ी परिस्थितियों को समझते हैं। वह पिच की उछाल और गेंदबाजों को समझ कर रन बनाते हैं। उन्होंने आज इसी अंदाज में बल्लेबाजी की।'

बदकिस्मत रहे केएल राहुल

कोटक ने कहा कि सलामी बल्लेबाज लोक राहुल थोड़े बदकिस्मत रहे लेकिन पिच क्यूरेटर ने काफी अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा,'हमने दो विकेट पर 318 रन बना लिए हैं और यह दर्शाता है कि यह एक अच्छी पिच है। जहां विकेट पर घास नहीं है, वहां पैरों के निशान हैं। जब तक घास नहीं होगी, वहां पिच खुरदरी होगी। इससे गेंदबाजों को मदद मिली।'

साई सुदर्शन शतक से चूके

कोटक ने इस मौके पर तमिलनाडु के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन की भी तारीफ की। बाये हाथ के इस बल्लेबाज ने 87 रन की पारी खेलने के अलावा जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। कोटक ने कहा,'हम सभी जानते हैं कि वह कितने प्रतिभाशाली हैं। हर बार जब आप स्कोर पर ध्यान नहीं देते, आप बल्लेबाज पर भी ध्यान देते हैं कि वह कैसे बल्लेबाजी कर रहा है। वह अपनी पारी को कैसे गति दे रहा है, वह किस तरह के शॉट खेलता है। कई बार एक या दो पारियों में कोई भी असफल हो सकता है, लेकिन उसने आज शानदार बल्लेबाजी की।

सुदर्शन के ऊपर था प्रदर्शन का दबाव

सुदर्शन अपने टेस्ट करियर की सामान्य शुरुआत के बाद दबाव में थे। इससे पहले चार मैचों की सात पारियों में उनके नाम सिर्फ एक अर्धशतक था। वह हालांकि इस पारी से आलोचकों को चुप कराने में सफल रहे। कोटक का मानना है कि आंकड़े कभी पूरी कहानी नहीं बताते और सुदर्शन का संयमित रवैया सबसे सकारात्मक पहलू है। उन्होंने सवाल पूछने के लहजे में कहा,'जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे, तो क्या आप में से किसी को लगा कि वह दबाव में हैं? मुझे लगता है कि वह मानसिक रूप से बहुत मजबूत खिलाड़ी हैं। आप उन्हें कभी दबाव में नहीं देखेंगे, आप उन्हें कभी अपनी खेलने की शैली बदलते नहीं देखेंगे। वह हमेशा अपनी योग्यता के आधार पर खेलते हैं। इसलिए आज उन्होंने उसी तरह बल्लेबाजी की।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article