T20 World Cup 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल, आईसीसी जल्द टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कार्यक्रमों की घोषणा कर सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें तो बीसीसीआई ने शेड्यूल आईसीसी को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार इस बार टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा। 2023 वनडे वर्ल्ड कप की तरह इस बार भी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम फाइनल की मेजबानी करने वाला है। फाइनल के अलावा ओपनिंग मैच इसी मैदान पर खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडिय में खेला जाना है। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए 7 वेन्यू
इस बार टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाना है। दोनों देशों के कुल 7 वेन्यू पर ये मुकाबले खेले जाएंगे। भारत के सभी मुकाबले मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। जबकि श्रीलंका की ओर से प्रेमदासा स्टेडियम, पल्लेकेले, और दांबुला या हंबनटोटा में से एक को वेन्यू के रूप में चुना जाएगा। रिपोर्ट की मानें तो प्रत्येक वेन्यू में कम से कम छह मैच मिलने की उम्मीद है।
भारत-पाकिस्तान मैच के लिए खास नियम
भारत-पाकिस्तान मैच के लिए खास नियम है। यदि भारत-पाकिस्तान के मैच होंगे तो वह श्रीलंका में खेले जाएंगे। इसके अलावा अगर पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंची तो मुकाबला न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा। आईसीसी ने बीसीसीआई को स्पष्ट कर दिया है कि यदि श्रीलंका सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करता है, तो वह अपना मैच कोलंबो में खेलेगा।
वॉर्म-अप मैच वेन्यू
वॉर्म-अप मैच कहां खेले जाएंगे, इसको लेकर स्थिति साफ नहीं है। हालांकि, संभावना है कि बेंगलुरु में वॉर्म-अप के कुछ मुकाबले खेले जा सकते हैं। बीसीसीआई को अभी यह तय करना है कि क्या वे वॉर्म-अप मैच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में या चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित करना चाहते हैं। हालांकि, आरसीबी के विक्ट्री परेड के दौरान हुए घटना के कारण सुरक्षा के मद्देनजर बेंगलुरु की मेजबानी की संभावना कम ही है।
